बरेली। चाहबाई में सीवर समस्या का समाधान करने संबंधी मेयर उमेश गौतम के आदेश को जलकल विभाग के अफसर दबा गए। सोमवार को जब क्षेत्र की महिलाएं मेयर के पास पहुंचीं तो यह पोल खुल गई। इससे भड़के मेयर ने जलकल विभाग के एई तारकेश्वर पांडेय को जमकर फटकार लगाई। कहा, काम नहीं करोगे तो जनता जलकल विभाग के बाहर धरना दे देगी और मैं जनता का साथ दूंगा। इस मामले में उन्होंने नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. को पत्र लिखकर जलकल विभाग के अफसरों के खिलाफ कार्रवाई को भी कहा है। उनका आरोप है कि जलकल विभाग के अफसर स्वच्छ भारत मिशन की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
सोमवार दोपहर मेयर ऑफिस पहुंचीं चाहबाई की महिलाआें ने महीने भर बाद भी सीवर समस्या का समाधान न होने पर नाराजगी जताई। मेयर ने उनकी समस्या के समाधान के लिए 25 फरवरी को जलकल विभाग को पत्र लिखा था, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। यह पता लगते ही मेयर भड़क गए। फोन पर ही जलकल विभाग के एई तारकेश्वर पांडेय को फटकार लगाई। कहा, काम नहीं हुआ तो जनता धरना दे देगी और मैं जनता के साथ हूं। इसके बाद उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र लिखा कि जलकल विभाग स्वच्छ भारत मिशन की धज्जियां उड़ा रहा है। जनता की शिकायतों को लेकर अफसर गंभीर नहीं हैं। इससे निगम की छवि धूमिल हो रही है, ऐसे अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। शिकायत करने वाली महिलाओं ने यह भी कहा कि अगर समाधान नहीं हुआ तो पार्षद को घर से नहीं निकलने देंगी।
बदले नगर आयुक्त तो फंसने लगे आदेश
पिछले दिनों नगर निगम में नए नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. ने कार्यभार संभाल है, तब से लगातार ही सामने आ रहा है कि मेयर के आदेश फंसाए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ने पहले बाकरगंज के प्लांट पर सवाल उठाया, फिर मुफ्त डोर-टू-डोर सफाई पर। अब जलकल अफसरों ने उनका आदेश हवा में उड़ा दिया।
नगर निगम के कुछ अफसर जनता के कामों में रुचि नहीं ले रहे हैं। मैंने जलकल विभाग वालों को साफ कह दिया है कि काम नहीं होगा तो जनता धरना देगी और मैं जनता के साथ हूं। नगर आयुक्त को भी इस संबंध में कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है।
- उमेश गौतम, मेयर
जलकल एई से मांगा स्पष्टीकरण
मेयर महोदय का पत्र मुझे मिला है। चाहवाई के काम में जलकल विभाग ने लापरवाही दिखाई है। एई से स्पष्टीकरण मांगा गया है, तीन दिन में उन्हें जवाब देना है। - सैमुअल पॉल एन., नगर आयुक्त