बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे में हर महीने सैकड़ों कर्मचारी रिटायर हो रहे हैं, लेकिन रेलवे नई नियुक्ति न करके रिटायर कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर रख रहा है। इससे अन्य कर्मचारियों की पदोन्नति में देरी पर असर पड़ा है। रेलवे में अप्रेंटिस किए सैकड़ों बेरोजगार हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ के सहायक महामंत्री जेएस भदौरिया ने जीएम राजीव अग्रवाल को दिए ज्ञापन में कहा कि रिटायर कर्मचारियों की रि-इंगेज पालिसी से सैकड़ों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। इज्जतनगर मंडल में इंजीनियरिंग अनुभाग गेटमैनों से 12-12 घंटे की ड्यूटी करा रहा है, बावजूद इसके उन्हें डबल रेस्ट नहीं दिया जा रहा। ज्ञापन देने वालों में पवन सिंह, मोहसिन खान, अरविंद भदौरिया आदि शामिल थे।
उधर, एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल मंत्री रजनीश तिवारी ने जीएम को दिए ज्ञापन में कर्मचारियों की अनेक समस्याओं का निस्तारण करने की मांग की। उनके साथ कुलजीत सिंह, आलोक कुमार, राजेश दीक्षित, विनीत कुमार आदि मौजूद थे। पूर्वोत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) के केंद्रीय अध्यक्ष बसंत चतुर्वेदी, मंडल अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने 14 सूत्रीय ज्ञापन दिया। उन्होंने ब्राडगेज के कोच की पीओएच के स्टाफ, वर्कशाप में डिस्पेंसरी में महिला नर्स, रिक्त पदों को भरना आदि की मांग की। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के मंडल मंत्री आनंद स्वरूप, मंडल अध्यक्ष सतीश चंद्र बघेल मंडल के रेलवे स्टेशनों के पास के अस्पतालों से अनुबंध और वर्कशाप गेट पर अंडरपास बनाने की मांग की