बरेली। सूबे के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि यूपी बोर्ड की परीक्षा में नकल माफिया सरकार के निशाने पर हैं। अगर किसी माफिया ने परीक्षा केंद्र के आसपास झांकने की भी हिम्मत की तो वह सीधे जेल जाएगा। अगर परीक्षा केंद्रों के अंदर नकल पकड़ी गई तो उसके दोषी को भी जेल जाना पड़ेगा। उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के बजट को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि यह पहली ऐसी सरकार है जो देश के हर नागरिक तक विकास पहुंचाना चाहती है।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। वे अपनी मेघा शक्ति का उपयोग करें और शिक्षक उनकी प्रतिभा निखारें। बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से पूरी तरह नकलविहीन कराने की तैयारी पूरी की जा चुकी है। 64 जिलो के जिलाधिकारियों से उन्होंने खुद वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए परीक्षा की तैयारियों की जानकारी ली है। परीक्षा पूरी पारदिर्शता के साथ होगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि विश्वविद्यालय और बोर्ड परीक्षाएं एक साथ होंगी। दोनों परीक्षाओं में कोई अव्यवस्था क्षम्य नहीं होगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार के अंतरिम बजट ने साबित कर दिया है कि आजादी के बाद यह पहली ऐसी सरकार है, जिसे गांव, गरीब, किसान, मध्यमवर्ग के साथ देश के हर नागरिक की चिंता है। बजट में 6.5 लाख तक के स्लैब पर टैक्स नहीं है। इसका उद्देश्य यह है कि सरकार आम आदमी तक विकास पहुंचाना चाहती है। पीएम आवास, उज्ज्वला योजना, मुद्रा लोन, फसल बीमा, मृदा परीक्षा और किसानों की ऋण माफी से ऊपर उठकर पीएम मोदी ने किसानों के खातों में छह हजार रुपये भेजने की शुरूआत की है। जो 60 साल से राज करते चले आ रहे थे, वह किसानों के खातों में 60 रुपये भी नहीं भेज पाए।
ममता की उल्टी गिनती शुरू
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हिटलरशाही पर आमादा हैं। वह भाजपा कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें जेल भेज रही हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या तक की जा रही है। पश्चिमी बंगाल की पुलिस गुंडई पर उतारू है। इस अत्याचार से साबित होता है कि ममता बनर्जी डरी हुई हैं, क्योंकि उनकी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। जल्द ही पश्चिम बंगाल में सरकार बदलेगी।