बरेली। उत्तरायणी जनकल्याण समिति की ओर से रजत जयंती पर आयोजित होने वाले उत्तरायणी मेले में पहली बार चार धामों के स्वरूप स्थापित किए जाएंगे। पहली बार चार धामों के दर्शन कराने की जिम्मेदारी निभाने के लिए समिति ने जोर-शोर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। बृहस्पतिवार को बरेली क्लब के मैदान में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान महामंत्री भुवन चंद्र पांडे ने बताया कि उत्तरायण के शुभ अवसर पर लोगों को देव भूमि के दर्शन कराने का संकल्प लिया गया है।
मुख्य संरक्षक सुरेंद्र सिंह बिष्ट व अध्यक्ष पीसी पाठक ने बताया कि अबकी बार चार धामों के साथ सेल्फी जोन भी बनाया जाएगा। कहा कि 12 जनवरी को रंगयात्रा निकालने के साथ मेले का शुभारंभ होगा। इस दौरान उत्तराखंड के वित्त मंत्री, शहरी विकास मंत्री भी मौजूद रहेंगे। मेला स्वच्छ भारत अभियान को समर्पित रहेगा। स्टालों पर एक ही तरह के बैनर लगाए जाएंगे। मेले की रौनक निखारने समेत मंच पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां भी मंचित होंगी। 12 से 14 जनवरी तक क्रमवार कार्यक्रमों का आयोजन होता रहेगा। इस दौरा देवेंद्र जोशी, रमेश शर्मा, दिनेश पंत, भूपाल सिंह, गिरीश पांडे, भवानी दत्त जोशी, माधवानंद आदि मौजूद रहे।