लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सम्मिलित राज्य /प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा तथा सहायक वन संरक्षक /क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा प्रारंभिक परीक्षा रविवार को 41 केंद्रों पर होगी। परीक्षा के लिए 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 41 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा को लेकर शुक्रवार को एडीएम सिटी ओपी वर्मा ने विकास भवन सभागार में सभी मजिस्ट्रेट और केंद्र अधीक्षकों के साथ बैठक की। परीक्षा दो पालियों में होगी। सुबह की पाली 9:30 से 11:30 और दूसरी पाली अपराह्न 2:30 से 4:30 बजे तक होगी। केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी। आसपास की फोटोस्टेट और कंप्यूटर की दुकानें बंद रहेंगी। केंद्रों पर सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए। पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा होगी।
आयोग ने दी केंद्र की अधूरी सूचना, बाद में मानी गलती
पीसीएस प्री के प्रवेशपत्र पर आयोग ने अधूरी सूचना दे दी। दो सेंटर फरीदपुर के सीएसए कॉलेज में बना गए हैं जो कि शहर से दूर हैं। एडमिट कार्ड निकालने के बाद अभ्यर्थी परेशान हुए, क्योंकि उस पर फरीदपुर का नाम ही गायब है। अभ्यर्थी इस केंद्र को शहर में ही मान रहे थे। पता चला कि शहर के बाहर है तो उन्होंने शुक्रवार को एडीएम सिटी ओपी वर्मा से शिकायत की। कहा, एडमिट कार्ड पर स्पष्ट नहीं है कि केंद्र कहां हैं। ऐसे तो अभ्यर्थी पहुंच ही नहीं पाएंगे और उनकी परीक्षा छूट जाएगी। उनकी समस्या सुनने के बाद एडीएम सिटी ने आयोग में बात की गई। आयोग ने अपनी गलती मानी और कहा कि इन छात्रों को एसएमएस से पूरी जानकारी भेजी जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी संतुष्ट हुए।