श्रीगंगा महारानी पुष्पधा कमेटी ने श्रीगंगा महारानी की 89वीं शोभायात्रा निकाली। मेयर उमेश गौतम ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा मलूकपुर स्थित श्रीगंगा महारानी मंदिर से रवाना हुई और पारंपरिक मार्गों से होते हुए वापस मंदिर पर समाप्त हुई।
बृहस्पतिवार की दोपहर निकाली गई शोभायात्रा में बैंडबाजों की धुन पर श्रद्धालु नाचते गाते चल रहे थे। यात्रा मलूकपुर कसगरान से शुरू होकर सिटी सब्जी मंडी, कुंवरपुर, जसौली, किला चौकी, बड़ा बाजार, कुतुबखाना, शिवाजी मार्ग, श्यामगंज, कालीबाड़ी, मोतीपार्क, बिहारीपुर ढाल होते हुए मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह यात्रा पर फूल बरसाकर तमाम सामाजिक, धार्मिक संगठनों ने स्वागत किया गया। इसमें नाथ नगरी जलाभिषेक समिति, लोधी महासभा, श्री शिव शक्ति दुर्गाजी धाम वासी, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, नवभारत जनकल्याण समिति समेत अन्य शामिल रहीं। यात्रा में श्री गणेश, भोलेनाथ, राधाकृष्ण, लवकुश, भारत माता, कृष्ण अर्जुन सुदामा, साईंबाबा, गंगा मइया, काली माता और सबसे पीछे श्रीगंगा महारानी का सिंहासन शामिल था। आयोजन में अनिल सैनी, विजय सैनी, अमित अरोड़ा, चेतन स्वरूप रस्तोगी, शोभायात्रा प्रभारी राजीव कुमार आदि का सहयोग रहा।