हाफिजगंज। एक बरात से लौटकर तो दूसरी सवारी लेकर जा रही ईको कार की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई, जिसमें 11 लोग घायल हो गए।जोरदार भिड़ंत के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
शनिवार को मुन्नी देवी अपने परिवार के लोगों के साथ ईको कार से राजघाट पर स्थित बरात घर से लौटकर घर जा रही थीं। तभी रात्रि करीब 11 बजे बरेली-पीलीभीत हाईवे पर गोटिया मोड़ पर पहुंचते ही बरेली की ओर से सवारी लेकर आ रही ईको कार की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई, जिसमें सवार यात्री घायल हो गए। आवाज सुनकर राहगीरों ने घायलों को गाड़ियों से बाहर निकाला। पुलिस ने लालबहादुर, शीतल, मुन्नी देवी, सुखलेश, संजीव समेत 11 घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। संवाद
पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, दो घायल
सिरौली। बरेली रोड पर रविवार भोर में पिकअप और ट्रक में आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों चालक मामूली रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार सुबह तड़के तीन बजे सिरौली-बरेली मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप शाहबाद की ओर से तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने सब्जी से भरी पिकअप को टक्कर मार दी, जिससे पिकअप के परखच्चे उड़ गए। पिकअप में भरी हुई सब्जी जमीन पर बिखर गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालकों का उपचार कराकर हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि ट्रक चालक को नींद की झपकी आई थी, जिससे वह अपना संतुलन खो बैठा। अनियंत्रित होकर अलीगंज की ओर से आ रही पिकअप में टकराते हुए खेत में उतर गया। थानाध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने बताया कि हादसे में दोनों ही गाड़ियों के चालकों को मामूली चोटें आई हैं। संवाद