बरेली। डोरी लाल अग्रवाल स्पोर्ट्स स्टेडियम की मेजबानी में 18 मई से बालक-बालिका वर्ग की प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता शुरू होने जा रही है। इसमें प्रदेश के सभी मंडलों के साथ बरेली मंडल की टीम भी हिस्सा लेगी, लेकिन टीम में सिर्फ बरेली और पीलीभीत के ही खिलाड़ी नजर आएंगे। बदायूं और शाहजहांपुर के खिलाड़ी मुश्किल से ही होंगे। कारण, यहां तैराकी के खिलाड़ी ही नहीं हैं। पिछली प्रतियोगिताओं में भी यहां से खिलाड़ी नहीं आए थे। सोमवार को मंडलीय ट्रायल रखा गया है।
प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए स्टेडियम का बड़ा स्विमिंग पूल तैयार हो गया है। अब यहां खिलाड़ियों की प्रैक्टिस शुरू करा दी गई है ताकि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में बरेली की टीम कमाल दिखा सके। चार मई को जिला स्तरीय ट्रायल हुआ था, जिसमें 15 तैराकों ने हिस्सा लिया था। इसमें चार बालिकाएं थीं। अब मंडल की टीम तैयार होनी है। इसके लिए सोमवार को ट्रायल रखा गया है। ट्रायल सुबह आठ बजे से होंगे। पिछली बार ट्रायल में बदायूं और शाहजहांपुर से बहुत कम खिलाड़ी आए थे। इस बार भी इनके आने की कोई उम्मीद नहीं। मंडल की टीम में सिर्फ बरेली और पीलीभीत के तैराक ही शामिल होंगे।
आरएसओ विजय कुमार ने बताया कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए तैयारी हो गई है। मंडल की टीम चुनने के बाद उनकी प्रैक्टिस कराई जाएगी ताकि हमारी टीम चैंपियन बन सके।