बरेली। ब्रिटिश शासन में बने 111 साल पुराने एलन क्लब के दिन शायद पूरे होने जा रहे हैं। दरअसल पिछले दिनों क्लब में अचानक पहुंचे ‘बड़े साहब’ को जब यहां जमी मंडली पर नशे का सुरूर हावी दिखा तभी से इस क्लब के दुर्दिन शुरू हो गए। अब नतीजा यह है कि नगर निगम ने शासन, डीएम और कमिश्नर को क्लब का पट्टा खारिज कर जमीन पर कब्जा दिलाने को लिखा है।
एलन क्लब में पिछले दिनों अचानक पहुंचे ‘बड़े साहब’ ने यहां का हाल देखकर पदाधिकारियों को जमकर हड़काया था, यह भी कह दिया था कि क्लब को शराब-जुए का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। उनके कड़े तेवरों से परेशान सचिव अशोक सिंह ने एक बैठक बुलाकर इस्तीफा दे दिया था। संदीप अग्रवाल मिंटू को क्लब का नया सचिव बनाया गया, इसकी जानकारी कमिश्नर और डीएम को दी गई थी। दरअसल क्लब की नियमावली के मुताबिक कमिश्नर क्लब के अध्यक्ष और डीएम वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं। यह अलग बात है कि क्लब की ओर से उन्हें कभी किसी बैठक में नहीं बुलाया गया।
‘बड़े साहब’ की सक्रियता से पहले मेयर उमेश गौतम क्लब की लीज खत्म होने का मामला उठा चुके थे। उन्होंने नगर आयुक्त को क्लब पर कब्जा लेने के भी निर्देश दिए थे। अब नगर आयुक्त ने कमिश्नर रणवीर प्रसाद और डीएम वीके सिंह को पत्र लिखकर क्लब की लीज 20 साल पहले ही खत्म होने का जिक्र करते हुए उसकी भूमि निगम को वापस दिलाने को कहा है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में लेेने की तैयारी
नगर आयुक्त ने पत्र में कहा है कि संजय कम्युनिटी हॉल से सटे तालाब पर पहले से सौंदर्यीकरण की योजना स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में प्रस्तावित है। इस परियोजना में एलन क्लब की जमीन को भी शामिल किया जा सकता है।
नियमों का उल्लंघन
नगर निगम ने क्लब की गतिविधियों पर सवाल खडे़ किए हैं। पत्र में क्लब के नियमों और उनके उल्लंघन का बिंदुवार उल्लेख किया है। नगर आयुक्त ने लिखा है कि क्लब को 90 वर्ष पट्टे पर सिर्फ टेनिस ग्राउंड बनाने को जमीन दी गई थी, लेकिन इसकी लीज बीस साल पहले खत्म हो चुकी है। क्लब अब अवैध रूप से चल रहा है। बिना अनुमति स्वीमिंग पूल बनाया गया है। वैवाहिक कार्यक्रमों के जरिये क्लब का व्यावसायिक इस्तेमाल भी किया जा रहा है।
एलन क्लब भूमि की लीज खत्म हो चुकी है। नजूल भूमि नगर निगम वापस लेगा। इसके लिए नगर आयुक्त से कार्रवाई को लिखा जा चुका है। आयुक्त ने इस पर कार्रवाई शुरू कर दी है। - डॉ. उमेश गौतम, मेयर
नगर आयुक्त ने मुझे एलन क्लब भूमि संबंधी पत्र भेजा है। इसमें लीज खत्म करने और इस पर स्मार्ट सिटी परियोजना बनाने को कहा गया है। इसका परीक्षण कर प्रशासन कार्रवाई करेगा। - वीके सिंह, डीएम
क्लब को अभी तक नगर निगम और प्रशासन से ऐसा कोई पत्र नहीं मिला है जिसमें लीज खत्म कर भूमि वापसी प्रस्तावित हो। क्लब में सभी गतिविधियां नियमानुसार होती हैं। - संदीप अग्रवाल मिंटू, सचिव