बरेली। महिला जागृति मंच ने गुरुवार को एसएसपी से मुलाकात कर नाबालिग लड़की की शादी अधेड़ से कराए जाने के मामले में पंचायत पर कार्रवाई की मांग की है। अध्यक्ष मनु नीरज ने कहा कि यह फरमान नारी जाति पर अत्याचार है। उन्होंने मासूम पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए संपन्न हुई शादी को तत्काल खत्म कराने और पंचायत के लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इन अत्याचारों को असहनीय बताया है।
मनु नीरज ने बताया कि शिकायत पर एसएसपी ने सीओ नवाबगंज को तत्काल महिला पुलिस के साथ मामले की जांच कराने को निर्देशित किया है। एसएसपी से मुलाकात के बाद वे आशा ज्योति केंद्र की प्रशासक सौम्या वर्मा से मिलीं। उन्हें घटना की जानकारी दी। जिसके बाद प्रशासक ने महिला जागृति मंच की टीम के साथ मिलकर शुक्रवार सुबह 11 बजे नवाबगंज पहुंचकर मामले की जांच कराने और आगे की कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।