बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए जनता से सीधा संवाद किया। पीएम ने कहा कि भाजपा देश और सेना की मजबूती चाहती है। मगर वो कश्मीर में दूसरा पीएम चाहते हैं। उन्होंने जनता से पूछा कि क्या आपको कश्मीर में दूसरा प्रधानमंत्री मंजूर है, भीड़ से जोरदार जवाब आया नहीं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हमारी ताकत दुनिया मान रही है। बरेली तो शहीदों और सैनिकों की धरती है। हम रक्षकों को सम्मान देने वाले लोग हैं लेकिन राजनीति के लिए कांग्रेस, सपा-बसपा के लोग किस तरह की बातें कर रहे हैं। भाजपा और एनडीए राष्ट्रीय स्वाभिमान और सुरक्षा के मुद्दे पर जनता का समर्थन चाहते हैं। जनता से फिर पीएम मोदी ने पूछा- बताइए आतंकवाद और नक्सलवाद देश से मिटाना जरूरी है या नहीं, फिर भीड़ से हां में जवाब आया तो बोले, कांग्रेस तो जम्मू कश्मीर से सेना को हटाना चाहती है। हम कहते हैं कि सैनिकों को खुली छूट मिले लेकिन कांग्रेस कहती है कि कश्मीर में अफस्पा हटना चाहिए। सेना को जो कानूनी कवच मिला है, अगर वह हट गया तो आतंक के समर्थक सैनिकों पर केस दर्ज कराएंगे और सैनिक कोर्ट कचहरी में चक्कर लगाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार में जब कभी आतंकी पकड़े जाते थे तो उनको बचाने का खेल होता था। हिंदूओं को आतंकी बताकर उनको बदनाम किया जाता था। वह लोग मोदी को इसीलिए गालियां दे रहे हैं क्योंकि मोदी कांग्रेस की तुष्टीकरण की नीति पर कभी भी झुकने को तैयार नहीं है। देश को कमजोर करने वाली ताकतों के सामने मोदी दीवार बनकर खड़ा है। इनको सिर्फ अपने और अपने परिवार से मतलब है। देश से इनको कोई मतलब नहीं। एक नंबर से 100 नंबर तक देखो तो सिर्फ परिवार ही दिखता है।
मोदी पब्लिक से फिर पूछा कि जो लोग देश को कमजोर करने के लिए मांगें कर रहे हैं, उन्हें पोलिंग बूथ पर परास्त करेंगे। जवाब हां में मिला तो फिर पूछा क्या देशद्रोहियों को बचाने का कानून मंजूर है तो भीड़ ने नहीं में जवाब दिया। पीएम ने कहा कि अगर जनता को यह सब मंजूर नहीं है तो उन्हें यकीन है कि वह देश में कांग्रेस, सपा-बसपा की महामिलावट भी मंजूर नहीं करेगी।
एक ही एजेंडा- मोदी हटाओ
मोदी ने कहा कि कांग्रेस और सपा-बसपा के पास देश के लिए कोई विजन नहीं है। इनका बस एक ही एजेंडा है। यह यूपी में, मध्य प्रदेश, आंध्र या बंगाल में। कहीं भी जाएं तो एक ही बात कहते हैं-मोदी हटाओ-मोदी हटाओ... और मोदी हटाओ। आप बताइए- क्या यह लोग मोदी को हटा सकते हैं ? भीड़ ने कहा- नहीं-नहीं। मोदी ने कहा कि जिसके साथ आप जैसे करोड़ों देशवासियों का आशीर्वाद हो तो कांग्रेस, सपा-बसपा के लोग उनका (मोदी का) कुछ नहीं कर सकते।