बरेली। फाइलों में कैद ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट्र का नक्शा मंजूर होने के साथ आरटीओ अफसरों ने निर्माण के लिए कवायद शुरू कर दी है। पिछले दिनों निरीक्षण को आए परिवहन आयुक्त धीरज साहू ने प्रोजेक्ट के लिए ली जाने वाली जमीन का मुआयना कर डिजाइन पास कर दिया है।
करीब तीन साल पहले बरेली में मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट्र स्थापना की योजना बनाई गई थी। इसके लिए विकास भवन के पीछे राधेश्याम एंक्लेव जाने वाले मार्ग पर बायीं ओर खाली पड़ी करीब दस हजार वर्ग फीट जमीन पर निर्माण कार्य मंजूर हुआ, लेकिन फिर मामला ठंडा हो गया था। अब शासन से हरी झंडी मिलने के बाद निर्माण की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। पहले चरण में इंस्टीट्यूट के लिए आवंटित जमीन के चारों को बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा। ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का नक्शा लखनऊ के आर्किटेक्ट ने बनाया है।
‘यातायात नियम व वाहन चलाने की पूरी जानकारी होने पर वाहन दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है। इसके अलावा इंस्टीट्यूट में यातायात को सुगम बनाने के लिए नये-नये शोध भी होंगे।’
- आरपी सिंह, एआरटीओ प्रशासन