बरेली। एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष का विदाई समारोह में हंगामा हो गया। एक पदाधिकारी ने अन्य रेल यूनियन पर रुपये लेकर पद देने का आरोप लगाया। इस पर रेल कर्मी भड़क गए। मामला बढ़ता देखकर अन्य पदाधिकारियों ने किसी तरह मामला निपटाया
शुक्रवार को डीजल शेड में एनई रेलवे मेंस के मंडल अध्यक्ष कौसर अली का विदाई समारोह था। कैंटीन के पास हुए कार्यक्रम में केंद्रीय नेतृत्व के पदाधिकारी भी थे। एक पदाधिकारी ने कुछ यूनियनों पर रुपये लेकर पद देने का आरोप लगाया। कुछ रेल कर्मी कैंटीन में चाय पी रहे थे। यह सुनकर वह बाहर आ गए। उन्होंने यूनियनों के बारे में पूछा तो पदाधिकारी मुकर गए। इसके बाद रेल कर्मी हंगामा करने लगे। सूत्रों का कहना है कि रेल कर्मचारियों ने चाय के कप भी उठाकर फेंके। मामला बढ़ता देखकर मेंस कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों ने बीच बचाव करके मामला निपटाया। इसके बाद हुए विदाई समारोह में वक्ताओं ने कौसर अली के कार्यकाल को सराहा। बताया जाता है कि बिना अनुमति के सभा करने पर रेलवे प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है। कार्यक्रम में कार्यकारी मंडल अध्यक्ष केपी सिंह, कारखाना मंत्री रजनीश तिवारी, मनोज श्रीवास्तव, वीके कटियार आदि उपस्थित थे।