बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में अब आईटी एवं मैनेजमेंट के छात्र-छात्राओं को एक लाख रुपये के दुर्घटना बीमा योजना का लाभ मिलेगा। यह योजना एआईसीटीई (आल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजूकेशन) से जुड़े सभी कोर्स पर लागू की जाएगी। होटल मैनेजमेंट विभाग में इसे लागू करने के बाद प्रबंध संकाय के डीन ने इसे लागू करने के लिए कुलपति और डीन इंजीनियरिंग को प्रस्ताव भेजा है।
आल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजूकेशन ने रुहेलखंड समेत देश भर के विश्वविद्यालयों को छात्र-छात्राओं का दुर्घटना बीमा कराने के निर्देश दिए थे। ताकि किसी हादसे में छात्र के साथ अनहोनी होने पर परिवार को कुछ आर्थिक मदद मिल सके। तमाम विश्वविद्यालयों में यह व्यवस्था लागू भी हो चुकी है, लेकिन रुहेलखंड विवि में अब इसकी शुरुआत हुई है। इसके तहत मैनेजमेंट, होटल मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, फार्मेसी एवं एआईसीटीई से संबद्ध कोर्स के छात्र-छात्राओं का बीमा कराया जाना है। विवि ने पहले चरण में होटल मैनेजमेंट विभाग से इसकी शुरुआत की है। साल भर के लिए बीमा पर 35-40 रुपये का खर्च आएगा और अनहोनी की स्थिति में परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद मिल सकेगी।
कुलपति को लिखा पत्र
विश्वविद्यालय में प्रबंध संकाय के डीन प्रोफेसर पीबी सिंह ने बताया कि होटल मैनेजमेंट में इस व्यवस्था को लागू करने के बाद अन्य विभागों में भी इसे लागू करने की तैयारी है। इसके लिए कुलपति और इंजीनियरिंग के डीन को पत्र लिखा गया है। अनुमति मिलने के बाद एआईसीटीई से संबद्ध सभी कोर्स में इसे जल्दी ही लागू कर दिया जाएगा।