बरेली। नगर निगम के निर्माणाधीन भवन के लिंटर में कम सरिया लगाने को मेयर उमेश गौतम ने गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि भवन निर्माण पूरा होने के बाद वहां पर निर्माण विभाग के एक जेई को लगातार तैनात किया जाए। वहीं, नगर आयुक्त ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माण विभाग से रिपोर्ट मांगी है।
गौरतलब है कि 12.5 करोड़ की लागत से नगर निगम की बहुमंजिला इमारत का निर्माण किया जा रहा है। सोमवार को यहां लिंटर डाला जाना था। इससे पहले शटरिंग होने के बाद सरिया का जाल बांधा गया तो प्रभारी चीफ इंजीनियर संजय चौहान औचक निरीक्षण को पहुंच गए। जांच में सामने आया कि लिंटर के जाल में कई जगह कम सरिया लगाई गई थी। उन्होंने पूरा जाल चेक किया तो करीब दर्जनभर जगह पर ऐसी ही गड़बड़ी पकड़ी गई। इसके बाद उन्होंने जाल दुरुस्त कराया फिर लिंटर डाला गया। यह मामला प्रमुखता से अखबारों में छपा तो मंगलवार को मेयर उमेश गौतम ने संज्ञान लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि निर्माण विभाग से गड़बड़ी की रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं, काम पर लगे मजदूर मंगलवार को बिना हेलमेट लगाए लापरवाही से काम करते दिखे लेकिन सरिया बढ़ाने का काम मंगलवार को भी जारी रहा।
भवन निर्माण में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी। नगर आयुक्त से कहा गया है कि निर्माण पूरा होने तक वहां हर दिन एक जेई या निर्माण विभाग के अन्य अफसर की ड्यूटी लगाई जाए। - उमेश गौतम, मेयर
ताकि भवन निर्माण में गुणवत्ता रहे
सोमवार को प्रभारी चीफ इंजीनियर ने नगर निगम की बिल्डिंग में कम सरिया लगाने का मामला पकड़ा था। मेयर उमेश गौतम ने अखबारों में छपी खबर का संज्ञान लेते हुए निर्माण विभाग के एक इंजीनियर की बिल्डिंग पर ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं ताकि भवन निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो सके।