बरेली। बाकरगंज में नगर निगम का कूड़ा निस्तारण प्लांट दो महीने बाद भी शुरू नहीं हो सका है। एक तरफ कंपनी इसकी तकनीकी गड़बड़ियां दुरुस्त कराने जुटी है, दूसरी ओर यहां चोरियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार रात प्लांट में घुसे चोर कुछ केबल और लोहे का सामान चोरी कर ले गए। कंपनी निदेशक ने इस संबंध में सिक्योरिटी कंपनी से आपत्ति जताई है।
गुजरात की अमेजो वेस्ट कंपनी ने बाकरगंज में कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाया है। ब्राजील की तकनीक पर आधारित इस प्लांट में कूड़े से तेल और गैस बनाई जाएगी। दिसंबर में इस प्लांट को शुरू हो जाना था। मगर इसके ट्रायल के दौरान ही कई खामियां सामने आ गई हैं। उसके बाद से अब तक प्लांट को दुरुस्त कर उसे चालू करने की कोशिश चल रही है। कंपनी के निदेशक परमवीर सिंह ने बताया कि पिछले सप्ताह प्लांट का ट्रायल किया गया था, जो खामियां सामने आईं उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। सप्ताह भर में प्लांट तैयार हो जाएगा। वहीं प्लांट के कर्मचारियों ने बताया कि मंगलवार रात प्लांट में घुसे चोर वहां वेल्डिंग मशीन की केबिल और कुछ लोहा चोरी कर ले गए।