बरेली। कर्मचारी नगर में डेढ़ साल से अधर में लटके नाले की बृहस्पतिवार को फिर से खुदाई शुरू कर दी गई। इससे पहले तहसील और नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से पैमाइश कर चिह्नांकन किया।
कर्मचारी नगर में नर्सरी रोड पर करीब 150 मीटर नाले का निर्माण करके उसे हार्टमन नाले से जोड़ा जाना है। मगर हिंदुस्तान नर्सरी करीब डेढ़ साल से इसमें बाधा बनी है। जब भी निगम की टीम पहुंचती है तो हिंदुस्तान नर्सरी के लोग विरोध करके उसे लौटा देते हैं। जहां से नाला निकाला जाना है, नर्सरी मालिक उसे अपना बताता है। 27 दिसंबर को भी काफी विवाद हुआ था। इसके बाद नगर निगम की ओर से पैमाइश के लिए तहसील को पत्र लिखा गया। बृहस्पतिवार को तहसील से लेखपाल एवं नगर निगम से ड्राफ्टमैन एवं अधिकारी मौके पर पहुंचे। पैमाइश कर दोबारा निशान लगाए और फिर नाले की खुदाई का काम शुरू कर दिया गया। इस दौरान वहां लगे दस पेड़ भी निगम की जमीन के दायरे में आ गए तो उन पर भी लाल निशान लगा दिया गया।