लगातार दूसरे दिन निषादनगर में गुलदार का हमला
घर में घुसकर कुत्ते को उठा ले गया गुलदार, मचा हड़कंप
पलियाकलां। सठियाना रेंज के निकटवर्ती निषादनगर घोला गांव में इनदिनों गुलदार का आतंक फैला हुआ है। दूसरे दिन लगातार बीती रात गुलदार एक घर में घुसकर कुत्ते को उठा ले गया। कुत्ते की चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जाग गए जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। लगातार गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बता दें कि दुधवा नेशनल पार्क के जंगल के बीचोंबीच स्थित सठियाना रेंज के निकटवर्ती निषादनगर घोला गांव में इनदिनों गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में खौफ है। बीती आठ नवंबर की रात को 11 बजे बिस्तर पर सो रहे सियाराम पर गुलदार ने हमला कर दिया था। शोरगुल सुनकर पड़ोसी पहुंच गए थे और आग जलाकर गुलदार को खदेड़ा था। इसी तरह बीती रात गुलदार सियाराम के पड़ोस में स्थित राकेश पुत्र स्वर्गीय रमाशंकर के घर घुस गया। यहां से वह एक कुत्ते को उठा ले गया। कुत्ते के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजनों के साथ ही आसपास पड़ोसी भी जाग गए और शोर मचाने लगे। जिसके बाद कुत्ते को उठाकर गुलदार भाग गया। ग्रामीणों के मुताबिक गुलदार आसपास ही मौजूद है तथा रात में घरों में घुसकर हमला करता है। इससे ग्रामीणों में खौफ फैला हुआ है। सूचना वन विभाग को भी दी गई है।