फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जंक्शन पर विजिलेंस का छापा, एक भी अवैध वेंडर नहीं मिला

Thu, 10 May 2018 01:34 AM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,बरेली
विज्ञापन
vendors
विज्ञापन
जंक्शन पर अवैध वेंडरों की भरमार होने की सूचना पर बड़ौदा हाउस की विजिलेंस टीम ने बुधवार को छापा मारा। इस दौरान एक भी अवैध वेंडर नहीं मिला तो टीम ने 26 वैध वेंडरों को ही पकड़ लिया। इनमें से 18 को रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया जहां जुर्माना वसूलकर उन्हें छोड़ दिया गया। विजिलेंस टीम ने रिजर्वेशन और बुकिंग पर भी छापा मारा। इस दौरान एक बुकिंग विंडो पर ज्यादा कैश मिलने पर टीम ने कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
विज्ञापन

बड़ौदा हाउस की विजिलेंस टीम के इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार, विपिन सिसौदिया समेत चार अधिकारी सुबह सात बजे शाहजहांपुर से हावड़ा काठगोदाम एक्सप्रेस में बैठकर जंक्शन पहुंचे। प्लेटफार्म पर उतरते ही टीम ने छापामार कार्रवाई शुरू कर दी। पहले तो अवैध वेंडरों की तलाश की गई, लेकिन काफी कोशिश के बावजूद एक भी अवैध वेंडर नहीं मिला तो विपिन सिसौदिया ने बेंच पर बैठकर एक ठेले से पूड़ी-सब्जी मंगाई। वेंडर तुरंत पूड़ी-सब्जी लेकर पहुंच गया। चूंकि वेंडर को सिर्फ ठेले पर ही खाद्य पदार्थ बेचने का अधिकार है, लिहाजा टीम ने इस वेंडर को पकड़ लिया। इसके बाद कई और वैध वेंडरों को ट्रेन में खाना बेचते पकड़ा गया।
करीब एक घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान टीम ने 26 वेंडर पकड़कर कर आरपीएफ थाने के सुपुर्द किए। आठ को तो ऐसे ही छोड़ दिया गया, 18 वेंडरों को रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। एक वेंडर को छोड़कर बाकी सभी वेंडरों के मेडिकल सर्टिफिकेट और लाइसेंस वैध था। वैध वेडरों को पकड़े जाने की खबर से ठेकेदार भी थाने पहुंच गए, उन्होंने हंगामा भी किया लेकिन मामला विजिलेंस का होने पर उनकी एक न चली। इसके बाद टीम रिजर्वेशन आफिस और बुकिंग आफिस पहुंची, जहां एक बुकिंग क्लर्क पर ज्यादा कैश मिला। टीम ने क्लर्क पर कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
विज्ञापन


छापे की सूचना लीक होने का हल्ला
अफसर बाद में पहुंचे, अवैध वेंडर पहले ही गायब
जंक्शन पर विजिलेंस टीम के आने का हल्ला एक दिन पहले ही मच गया था। सूचना लीक हो जाने की वजह से बुधवार को अफसर बाद में जंक्शन पर पहुंचे, अवैध वेंडर यहां से पहले ही गायब हो गए। सूचना लीक होने की चर्चा जंक्शन पर आम रही। सूत्रों का यह भी कहना है कि बुधवार को विजिलेंस टीम आने की सूचना आरपीएफ थाने पहुंच गई थी, जिसके बाद चारों प्लेटफार्म से अवैध वेंडरों को आगाह कर दिया गया। आम दिनों में सुबह के समय ट्रेनें का आवागमन ज्यादा होने की वजह से अवैध वेंडरों की भरमार रहती है, लेकिन विजिलेंस टीम का छापा पड़ा तो जंक्शन पर एक भी अवैध वेंडर नहीं मिला।

जनसाधारण एक्सप्रेस रोकने पर मचा था हड़कंप
चार मई को अवैध वेंडरों ने बिलपुर स्टेशन पर चाय और पानी लेने के लिए जनसाधारण एक्सप्रेस को चेन पुलिंग करके रोक दिया था। अवैध वेंडरों का मामला होने के कारण गार्ड तक ट्रेन से उतरने का हौसला नहीं जुटा सके। इस घटना की सूचना से नई दिल्ली के बड़ौदा हाउस में हड़कंप मच गया था। छह मई को बड़ौदा हाउस में उत्तर रेलवे के सभी आरपीएफ इंस्पेक्टर की बैठक में हुई जिसमें आरपीएफ के डीजी ने अवैध वेंडरों के खिलाफ अभियान चलाने का अभियान चलाने के निर्देश दिए। फिर भी सात और आठ मई को अवैध वेंडरों की धरपकड़ नहीं हुई। आरपीएफ ने खानापूरी के लिए पांच वेंडरों को पकड़ा तो लेकिन किसी को बताया नहीं। इस मामले को आरपीएफ के आला अधिकारियों ने गंभीरता से लिया। नौ मई को विजिलेंस छापे की सूचना भी आरपीएफ से लीक हो गई।

विजिलेंस टीम लौटते ही दिखने लगे अवैध वेंडर
बरेली। विजिलेंस टीम शाहजहांपुर से अवैध वेंडरों की तलाश करते हुए आई थी लेकिन छोटे स्टेशन तो दूर जंक्शन पर भी कोई अवैध वेंडर नहीं पकड़ा गया। टीम करीब दोपहर डेढ़ बजे वापस हो गई। टीम जाने की खबर तुरंत ही अवैध वेंडरों को लग गई जिसके बाद वह फिर से सक्रिय हो गए। बरेली कैंट में तैनात आरपीएफ के सिपाहियों ने तीन वेंडरों को खाना बेचते पकड़कर जंक्शन के आरपीएफ थाने भिजवा दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें