मई का पहला सप्ताह समाप्त होने के बाद भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। मौसम विज्ञानियों ने राजस्थान से धूल भरी आंधी उठकर उसके तूफान में तब्दील होकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड तक आने की भविष्यवाणी की है। इस दौरान बारिश होने की आशंका भी जताई गई है। तूफान का सोमवार आधी रात के बाद और मंगलवार तक रहेगा। लोगों को सोमवार आधी रात के बाद से लेकर मंगलवार को धूल भरी आंधी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का यह भी मानना है कि राजस्थान से उठने वाले तूफान का रुख चीन की तरफ भी मुड़ सकता है, ऐसा होने पर भारत में इसका असर बहुत कम या न के बराबर पड़ेगा।
सोमवार को दिन का पारा 38 डिग्री सेल्सियस के पार हो गया। सूरज की चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी ने पसीने छुड़ा दिए। अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम था। हालांकि सूरज की तपती धूप ने पसीने छुड़ा दिए। शाम को तपिश कुछ कम होने पर लोगों को राहत महसूस हुई। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 38 डिग्री रहने का अनुमान है। पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएस कुशवाहा ने बताया कि राजस्थान से धूल भरी आंधी (कम तीव्रता का तूफान भी कहते हैं) उठेगी। यह दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों से गुजरते हुए उत्तराखंड भी पहुंचेगी। मगर, इस आंधीनुमा तूफान का रुख चीन की ओर भी मुड़ने की संभावना है। ऐसा होने पर भारत में इसका असर कम या न के बराबर दिखेगा। दो दिन पहले आए तूफान का रुख भी चीन की ओर मुड़ने से यह भारत में नहीं दिखा था।
नौ मई के बाद बढ़ेगी गर्मी
डॉ. कुशवाहा ने बताया कि मैदानी इलाकों में हवा पश्चिम से पूरब की ओर चल रही है, जबकि पहाड़ों पर हवा का रुख पूरब से पश्चिम की ओर है। इस वजह से दो दिन आंधी और बारिश के प्रबल आसार बन रहे हैं। यदि हवा का रुख चीन की ओर हो गया तो उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में तेज आंधी या बारिश नहीं होगी, बल्कि हल्की हवा चलती दिखेगी और बूंदाबांदी होगी। नौ मई के बाद आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। तापमान में बढ़ोत्तरी होगी, जिससे होकर गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा।
मौसम का जोड़
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने सात से नौ मई के बीच तूफान आने की भविष्यवाणी को लेकर अलर्ट जारी किया है। समस्त उपजिलाधिकारियों को जारी आदेश में डीएम ने कहा कि तूफान आने को लेकर सर्तकता बरती जाए, लेकिन जिला मुख्यालय से लेकर तहसीलों में समस्त स्टाफ नियमित ड्यूटी पर रहे।