बीएड काउंसलिंग के लिए ड्राफ्ट बनवाने बरेली कॉलेज स्थित एसबीआई शाखा पर गए छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरे दिन उनको बैंक में बैठाया गया और शाम को बोल दिया कि सर्वर और प्रिंटर खराब होने के कारण ड्राफ्ट नहीं बन सकता। छात्रों ने विरोध भी जताया और कहा जब ड्राफ्ट नहीं बनाया तो पूरा दिन खराब क्यों किया। बरेली कॉलेज के ही एक अस्थायी शिक्षक और शाखा प्रबंधक के बीच नोकझोंक भी हो गई। बाद में शिकायत रिजनल मैनेजर और मुख्यालय तक की। उसके बाद शाम को दो चार के ड्राफ्ट बनाए और बाकी को सुबह के लिए बोल दिया। अब छात्र परेशान हैं क्योंकि सुबह उनको काउंसलिंग में शामिल होना है। दूसरी तरफ छात्रों ने विरोध जताया कि कॉलेज परिसर में बैंक छात्रों और शिक्षकों के लिए है। जब उनके ही काम नहीं होंगे तो इस बैंक के होने का मतलब ही क्या है। कुछ छात्रों ने कहा कि इसकी शिकायत प्राचार्य से करेंगे। वहीं प्राचार्य ने कहा कि अगर ऐसी दिक्कत तो शिकायत करें शाखा प्रबंधक से बात की जाएगी।
अब सारी चीजें मुंबई हेड ऑफिस से संचालित होती हैं। सर्वर में दिक्कत थी इसलिए बैंक ड्राफ्ट नहीं बन सके। छात्रों के पैसे जमा करा लिए थे, शाम को सभी प्रिंट भी करा दिए। वह सुबह शाखा से अपने ड्राफ्ट ले सकते हैं।
-शिव शरन बाजपेई, शाखा प्रबंधक
कॉलेज कैंपस में बैंक शिक्षकों और छात्रों के लिए है। अगर छात्रों के कही काम नहीं हो रहे तो शाखा प्रबंधक से बात की जाएगी। छात्रों को अगर कोई दिक्कत है तो उसकी शिकायत मुझसे करें।
-डॉ. अजय शर्मा, प्राचार्य