फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: गोदाम में रखा चार करोड़ का 10 हजार क्विंटल बीज गायब

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। बदायूं जिले के वजीरगंज के गांव बगरैन में स्थित उप्र बीज विकास निगम के गोदाम में रखा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) का 10 हजार क्विंटल गेहूं-धान का बीज गायब हो गया। किसानों ने इसकी कीमत चार करोड़ रुपये बताई है। गायब हुआ बीज चार हजार किसानों का है। थाने में तहरीर देने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो किसान सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। धरने के चौथे दिन मंगलवार को किसानों ने मंडलायुक्त को ज्ञापन देकर मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की है।
विज्ञापन

धरने के संयोजक डॉ. हरीश गंगवार ने बताया कि निगम के गोदाम में दो एफपीओ के सदस्यों ने अप्रैल, मई व जून 2025 में गेहूं-धान का बीज रखा था। आठ से 10 दिसंबर 2025 के बीच पूरा बीज चोरी हो गया। हालांकि, गोदाम के सुरक्षा गार्ड ने फोन कॉल कर माल ट्रकों में लोड होने की सूचना दी थी। इस पर वह मौके पर पहुंचे तो ट्रक वहां से जा चुके थे। जल्दबाजी में उनका तिरपाल मौके पर छूट गया था। जिस कंपनी ने उनका माल चोरी किया है, उसकी पहचान उन्होंने कर ली है। संबंधित कंपनी के लोगों को कॉल की तो सही जवाब दिए बिना ही मोबाइल बंद कर लिया। 11 दिसंबर को किसानों ने वजीरगंज थाने में तहरीर दी, पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
धरना संयोजक का आरोप है कि पुलिस उल्टे उन्हीं लोगों पर समझौता करने का दबाव बना रही है। मंगलवार को धरने पर बैठे किसान विपिन पटेल, जगदीश सरन और खेमकरन ने बताया कि उन लोगों ने आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत की थी, पर सुनवाई नहीं हुई। धरने में भारतीय किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष राकेश गंगवार, भाकियू टिकैत के राम रतन गंगवार और कांग्रेस प्रवक्ता राज शर्मा भी शामिल रहे।
विज्ञापन

इन एफपीओ से जुड़े किसान का नुकसान
यशपाल सिंह, जीतेंद्र बाबू, राकेश गंगवार व जाहिद अली ने बताया कि गोदाम में 10 हजार क्विंटल धान-गेहूं रखा था। इसमें 800 क्विंटल धान और शेष गेहूं था। यह धान-गेहूं बरेली आदर्श एग्रोटेक कंपनी और शुभकीर्ति प्रोड्यूसर कंपनी से जुड़े किसानों का था। डॉ. हरीश गंगवार ने पूर्व में राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन की प्रति मंडलायुक्त को देते हुए राष्ट्रपति कार्यालय से मुख्य सचिव को कार्रवाई के लिए निर्देशित किए जाने की जानकारी भी दी। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें