दो दिन से लगातार हो रही बारिश गरीबों पर कहर बनकर टूटी। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में 10 जर्जर मकान गिरने से छात्र और महिला समेत चार की मौत हो गई। रामगंगा पुल के नीचे नाले में एक किशोर नाले में बह गया। लेखपालों ने जान माल के नुकसान की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है।
शहर के काकर टोला निवासी अनीस का 16 वर्षीय बेटा हबीबुल रहमान दुकान पर जा रहा था। पड़ोसी मकान की दीवार गिरने से उसकी मलवे में दबकर मौत हो गई। पुलिस को दीवार गिरने की सूचना दिए बिना ही परिवार वालों ने छात्र को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। हबीबुल पुराना शहर के एक स्कूल में 11 वीं का छात्र था। उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है। उधर, बिहारीपुर ढाल के नीचे आला हजरत को जाने वाले मार्ग पर मकान के पिछले हिस्से की दीवार गिरी। इसमें कृति, देव और देवांश बाल-बाल बच गए। घर दूध लेकर लौट रहे इंद्र अग्रवाल भी बच गए।
आंवला/राजपुर कलां। अलीगंज क्षेत्र के ग्राम बरा सिरसा में हरस्वरूप गुप्ता की मां शांति देवी (70) घर में बाहरी गेट बाले बरामदे में शनिवार की शाम को भोजन करने के उपरांत लेट गई थीं। बारिश के कारण रात्रि करीब साढे़ नौ बजे कमजोर छत गिर गई। जिससे वह मलबे के नीचे दब गई। घरवालों ने पड़ोसियों की मदद से उनको बाहर निकाला। बाद में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नवाबगंज के गेला टांडा में दलित लालाराम (45) के कच्चे घर की दीवारों में पानी भरने से बारिश में ढह गया। इसमें दबकर लालाराम की मौत हो गई। नायब तहसीलदार प्रभात कुमार सिंह और राजस्व निरीक्षक गंगा लहरी शर्मा ने मौका मुआयना कर परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। दलेलनगर में लोचन प्रसाद की खपरैल गिरने से बछिया मर गई।
हाफिजगंज के गांव मुल्लापुर में छोटेलाल की खपरैल इसी गांव की दिव्यांग अफसरी की झोपड़ी गिर गई।
गांव टांडाछंगा में इस्लाम खां, जुनैद खां और हसनैन खां के कच्चे मकान भी भारी बारिश के चलते गिरने से भारी नुकसान हुआ। घर में सो हरी मिराज जहां और जुनैद मलबे में दबकर जख्मी हो गए। भोजपुर गांव के ओमप्रकाश राठौर का परिवार मकान के अंदर सो रहा था। रात करीब ढाई बजे कच्ची दीवारों पर बनी खपरैल भरभराकर गिर गई। इसमें उनकी पत्नी कौशल्या, पुत्री नीतू, सुशीला व बेटा छोटू मलबे में दबकर जख्मी हो गए।
शाही के पंथरा गांव में परमेश्वरी का छप्पर ढह गया। इसमें परमेश्वरी के अलावा उनकी बूढ़ी मां हिंतो देवी और बेटी आरती (14) दबकर जख्मी हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। परमेश्वरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। फतेहगंज पश्चिमी के कुरतरा गांव में हरिशंकर का भी कच्चा मकान गिर गया। उसमें जान माल का नुकसान नहीं हुआ।