बरेली। जून तक संपत्ति कर जमा करने पर 10 फीसदी छूट मिलेगी। अगर आप कर ऑनलाइन जमा करते हैं तो एक फीसदी की अतिरिक्त छूट मिलेगी। बीते साल के टैक्स पर आपत्ति हैं तो इस बार जून तक स्वकर निर्धारण फॉर्म भरकर इसका समाधान पा सकते हैं। नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में सोमवार को ये निर्णय लिए गए।
महापौर उमेश गौतम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक सुबह 11 से दोपहर 12.30 बजे तक चली। उप सभापति सर्वेश रस्तोगी के प्रस्ताव पर चालू वित्त वर्ष का टैक्स जमा करने वालों के लिए छूट को मंजूरी दी गई। महापौर ने कहा कि बांके बिहारी मंदिर की ओर से दस लाख रुपये टैक्स जमा किया गया, लेकिन बिल अब तक संशोधित नहीं किया गया। सीटीओ प्रदीप कुमार मिश्रा ने बिल के पुनरीक्षण की बात कही।
कार्यकारिणी के सदस्य पार्षदों ने बताया कि नगर निगम में बाबू राज हावी है। मामले निस्तारित होने में वक्त लगता है। महापौर बोले- अगर कर विभाग के पास कर्मचारी कम हैं तो आउटसोर्स पर कर्मचारी रखिए, लेकिन बकाया की फाइलों और त्रुटियों का निस्तारण तत्काल कराएं। सालभर में 150 सफाई कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने का हवाला देते हुए पांच और वार्डों की सफाई व्यवस्था को ठेके पर देने का प्रस्ताव आया। सदस्यों ने सहमति दी तो अधिकारियों ने कहा कि खर्च का आकलन करने के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाए।
स्वकर निर्धारण : गलत जानकारी दी तो भरना होगा जुर्माना
स्वकर निर्धारण की सहूलियत 20 मार्च को बंद कर दी गई थी, लेकिन नगर निगम की ओर से निर्धारित कर पर आपत्तियां बरकरार हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि जिन्हें कर निर्धारण पर आपत्ति है, वह स्वकर निर्धारण फाॅर्म भर सकते हैं। उनका कर संशोधित हो जाएगा, लेकिन अगर भविष्य में सत्यापन के दौरान जानकारी गलत पाई गई तो करदाता को टैक्स का अंतर और जुर्माना दोनों जमा करना होगा।
एक देश-एक चुनाव का प्रस्ताव पारित
मेरठ की तर्ज पर बरेली में भी एक देश-एक चुनाव के पक्ष में नगर निगम की कार्यकारिणी समिति ने प्रस्ताव पारित किया। उप सभापति सर्वेश रस्तोगी ने प्रस्ताव को रखा तो नरेंद्र कुमार समेत अधिकतर पार्षदों ने जय श्रीराम उद्घोष के साथ इसका समर्थन किया। सदस्यों में गरिमा कमांडो, सागर मौर्य, सलीम अहमद, सौरभ कुमार, हरीशंकर, संतोष, अंजुल, रितिका किशोर ने बैठक में प्रतिभाग किया। सदस्य उमान खान बैठक में शामिल नहीं हुए। ब्यूरो
ये प्रस्ताव हुए पारित
- वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 697 करोड़ रुपये के पुनरीक्षित बजट का अनुमोदन।
- तालाबों, पार्किंग और मंडियों की सार्वजनिक नीलामी के प्रस्तावों को मंजूरी।
- दिवंगत पार्षद रविशंकर मल्होत्रा और ओमप्रकाश आर्य के नाम पर होगा मार्गों का नामकरण।
- महादेव सेतु के दोनों ओर नगर निगम लगवाएगा शिलालेख।
- प्रत्येक वार्ड में निर्माण कार्यों पर पार्षदों के नाम के साथ लगेंगे शिलालेख।
सवाल : एक ही पटल पर वर्षों से तैनात बाबू कब हटेंगे
कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि वर्षों से एक ही पटल पर तैनात बाबू कब हटेंगे। पटल परिवर्तन का प्रस्ताव सदन से लेकर नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में उठ चुका है, लेकिन इस पर अमल नहीं हो सका। अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार यादव ने कहा कि कई बाबुओं के पटल बदले जा चुके हैं। जो रह गए हैं, उनके भी पटल परिवर्तित किए जाएंगे। इस विषय में विभागाध्यक्षों से रिपोर्ट ली जाएगी।