बाराबंकी में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को लड़की के घरवालों ने देख लिया। ग्रामीणों और घरवालों ने इसका विरोध किया तो युवक ने खौफनाक कदम उठाया। दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग कांपने लगे। आगे पढ़ें और जानें पूरी घटना...
यूपी के बाराबंकी से होश उड़ा देने वाला मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार को प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेलकर आग लगा ली। घटना लोनीकटरा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां देर शाम प्रेमिका से मिलने आए युवक ने अपने शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। घटना से हड़कंप मच गया। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया। जब तक आग पर काबू पाया जाता, युवक बुरी तरह जल गया था।
विज्ञापन
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया गया कि युवक का नाम राजेश उर्फ दीना (24) है। वह लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र के गुरुबक्श खेड़ा गांव का रहने वाला है। प्रेमिका से मिलने पहुंचा तो ग्रामीणों व परिवारीजनों ने विरोध जताया। इस पर साथ लाए ज्वलनशील पदार्थ को शरीर पर डालकर आग लगा ली।
लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी, त्रिवेदीगंज भेजा। वहां से गंभीर हालत में लखनऊ के सिविल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्या ने बताया मामला प्रेम-प्रसंग का बताया जा रहा है। झुलसे युवक को अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।