हैदरगढ़ । लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर शुक्रवार को पैदल सड़क पार कर रही भटखेरा गांव के बुधई शर्मा की पत्नी पियारा (62) की एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार पियारा सुबह खेत में धान की निराई के लिए गई थी। दोपहर में घर जाने के लिए गांव के पास पैदल सड़क पार करते समय वाहन की चपेट में आ जाने से गंभीर घायल हो गई।
स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के पुत्र मनोज कुमार ने बताया सुबह जल्दी घर से निकली थी और खाना खाने के लिए घर लौटते समय हादसा हुआ है। एसएचओ अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है। भिटरिया-दरियाबाद मार्ग परजेठौती कुर्मियान गांव के पास मवेशी से टकराकर बाइक सवार युवक घायल हो गया। लालगंज निवासी दीपचंद्र (40) शुक्रवार को बाइक से घर जा रहे थे। पशुओं के झुंड में से एक से उनकी बाइक टकरा गई। जिससे वह गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल दीपचंद्र को सीएचसी दरियाबाद पहुंचाया। (संवाद)