सीबीएसई 12वीं कक्षा के नतीजे शनिवार को घोषित कर दिए गए। सेंट्रल एकेडमी के छात्र अंकित यादव ने 96 फीसद अंक के साथ जिला टॉप किया है। दूसरे स्थान पर सेंट एंथोनी इंटर कॉलेज के छात्र आदित्य प्रताप सिंह रहे। इन्होंने 94.6 फीसद अंक प्राप्त किए हैं।
लड़कियों में सेंट्रल एकेडमी की छात्रा शिवानी मिश्रा ने टॉप किया। श्रेष्ठता सूची में शिवानी जनपद में तीसरे स्थान पर हैं। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्रों में रिजल्ट को लेकर काफी उत्साह रहा। अंकित यादव आईपीएस बनना चाहते हैं तो आदित्य व शिवानी आईएएस बनाना चाहते हैं।
बेटों व बेटियों की सफलता से पूरे परिवार और कॉलेजों में उत्साह का माहौल है। शनिवार की सुबह 11 बजे से कॉलेजों में जश्न का माहौल रहा। सेंटल एकेडमी के छात्र अंकित यादव ने जिले में सर्वाधिक 96 फीसद अंक प्राप्त कर जिले में टॉप किया है।
इसी कॉलेज की शिवानी मिश्रा ने जिला में तीसरा स्थान प्राप्त किया। शिवानी को 93.2 फीसद अंक मिले हैं। इस कॉलेज के जनपद के टॉप टेन में चार छात्रों के शामिल होने से कॉलेज परिसर में जश्न का माहौल रहा। प्रधानाचार्य अभिलाषा सिंह ने छात्रों का मुंह मीठा कर उन्हें बधाई दी।
सेंट एंथोनी इंटर कॉलेज के छात्र आदित्य प्रताप सिंह ने जनपद में दूसरा स्थान प्राप्त किया। आदित्य को 94.6 फीसद अंक मिले। कॉलेज में उत्साह रहा। प्रधानाचार्य फादर जेरार्ड ने फूल मालाओं से छात्रों को सम्मानित किया और मुंह मीठा करा उन्हें बधाई दी। इन होनहारों को बधाई देने के लिए परिवारीजनों व संबंधियों को फोन बराबर आते रहे।