सतरिख (बाराबंकी)। गर्मी की छुट्टी में गांव में प्रोजेक्टर पर बाल फिल्में चलीं और बच्चों को रोचक व शिक्षाप्रद कहानी की किताबें बांटी गईं तो वे चहक उठे। शुक्रवार को हरख ब्लॉक की ग्राम पंचायत नरौली में अमर उजाला बाल फिल्म महोत्सव के तहत ग्राम प्रधान रेशम सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एक जगह एकत्र हुए गांव के बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी इस आयोजन के भागीदार बने।
दोपहर करीब 12 बजे अमर उजाला बाल फिल्म महोत्सव की वैन हरख ब्लॉक की ग्राम पंचायत नरौली पहुंची। कार्यक्रम में कक्षा एक से आठ तक की शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चे एकत्र हुए। सबसे पहले प्रोजेक्टर के माध्यम से बच्चों को जादुई घड़ा व पकड़ा गया जैसी शिक्षाप्रद बाल फिल्में दिखाई गईं। खास बात यह थी कि बच्चों के साथ बड़े भी इस कार्यक्रम में पहुंचे। बाल फिल्मों के माध्यम से बच्चों को अच्छी आदतों के बारे में बताया गया।
फिल्म का प्रदर्शन समाप्त होने के बाद बच्चों से सवाल पूछे गए तो वे बड़े हाजिर जवाब निकले। बच्चों ने कहा कि अच्छी आदतों के साथ पढ़-लिखकर वे देश व समाज की सच्ची सेवा करेंगे। इस मौके पर अभिभावक व समाजसेवी सतीश सिंह और ग्राम प्रधान रेशम सिंह ने बच्चों को मुंशी प्रेमचंद्र व सरल खेलों से संबंधित पुस्तकें वितरित कीं। ये किताबें अभिभावकों ने भी पढ़ीं और आयोजन के लिए अमर उजाला की सराहना की।
.
रोचक तरीके से दी जा रही शिक्षा
अमर उजाला की ओर से गांव में बाल फिल्में दिखाकर व कहानी की किताबें बांटकर रोचक तरीके से शिक्षा दी जा रही है। गर्मी की छुट्टी में ऐसे आयोजन बच्चों के लिए बहुत दिलचस्प हैं।
- रेशम सिंह, ग्राम प्रधान
गांव में कार्यक्रम की पहल सराहनीय
शहर में तो कार्यक्रम होते ही रहते हैं। गांव के नौनिहालों के लिए अमर उजाला की ओर से की गई यह पहल सराहनीय है। गांव में अमर उजाला अखबार रोज आता है।
- सतीश सिंह, समाजसेवी व अभिभावक