बाराबंकी। शासन से मिले आदेश के बाद गेहूं खरीद की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जिले में 80 क्रय केंद्र खोले जा सकते हैं। इसके लिए गेहूं खरीद में लगी एजेंसियों से जल्द से जल्द प्रस्ताव देने के लिए कहा गया है। वहीं शासन ने इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 50 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा दिया है। इस तरह से अब समर्थन मूल्य 1975 रुपये हो गया है। पहली अप्रैल से सरकारी क्रय केंद्रों पर इसी दर पर गेहूं की खरीद की जाएगी।
धान खरीद अभी बंद नहीं हुई है लेकिन शासन के आदेश पर गेहूं खरीद की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शासन ने कहा कि इस बार गेहूं के भंडारण और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में एफसीआई के दो और एसडब्लूसी का एक गोदाम हैं। इनमें से एफसीआई के मुख्य गोदाम की भंडारण क्षमता 55 हजार एमटी तथा दूसरे गोदाम की क्षमता 17 हजार एमटी है।
इसके अलावा एसडब्लूसी हैदरगढ़ गोदाम की भंडारण क्षमता 75 सौ एमटी है। विभाग का दावा है कि उसके पास गेहूं और चावल रखने की पर्याप्त जगह है। इन गोदामों पर सुरक्षा के लिए होमगार्ड के जवान तैनात रहते हैं। देवा रोड वाला गोदाम तो सीसीटीवी कैमरे से लैस हैं जिससे यहां की हर गतिविधि की ऑनलाइन मॉनीटरिंग की जाती है।
जिले में 80 स्थानों पर गेहूं खरीद केंद्र खोलने की योजना है। इसके लिए खरीद में लगी एजेंसियों से प्रस्ताव मांगें गए हैं। शासन से मिले आदेश के बाद गेहूं खरीद की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
-संतोष कुमार द्विवेदी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी