बाराबंकी। जिले की करीब 453 ग्राम पंचायतों में आरआरसी सेंटर (कूडा निस्तारण) केंद्रों के निर्माण का कार्य अटक गया है। इनमें से एक भी ग्राम पंचायत में अभी तक निर्माण कार्य शुरू तक नहीं हो सका है। इससे गांवों का कूड़ा इधर-उधर फेंके जाने से गंदगी के साथ ही लोगों को काफी परेशानी उठाना पड़ रही है। जबकि जिम्मेदार निर्माण कार्य के लिए बजट न मिलने की बात कह चुप्पी साधे हैं।
स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत जिले की 453 ग्राम पंचायतों में प्रस्तावित निर्माण कार्य कराया जाना था। इसके तहत पंचायतों में आरआरसी सेंटर के अलावा अन्य कार्य होने थे। लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते इन पंचायतों में आरआरसी सेंटर के निर्माण का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। इससे गांवों में फैली गंदगी के कारण कूडा इधर-उधर डंप होने से संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा भी बढ़ने लगा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी नीतेश भोंडेले का कहना है कि जिले की 453 ग्राम पंचायतों का चयन सात माह पहले स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत किया गया था परंतु इस मद में एक भी पैसा न मिलने की वजह से आरआरसी सेंटरों के निर्माण के साथ ही अन्य कार्य भी शुरू नहीं किए जा सके हैं।