जहांगीराबाद-बाराबंकी। तीन दिनों से एक युवक के तमंचा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मगर, शिकायत के बाद भी पुलिस के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। ऐसे में ग्रामीण खौफजदा है।
मामला जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गदाईपुर का है। यहां के निवासी अकील ने पुलिस से की गई शिकायत में बताया कि 6 दिसंबर को उसका बेटा फारूक गांव स्थित मजार की सफाई कर रहा था। इसी बीच पीर मो. वसीम गाली देते हुए वहां पहुंचा। उसके बेटे ने विरोध किया तो दबंग युवक मारपीट पर आमादा हो गया। मौके की नजाकत को देख उसका बेटा घर चला आया।
इसके बाद ही दबंग युवक हाथ में तमंचा लेकर पूरे गांव में घूम-घूमकर दहशत फैलाने लगा। इसका कुछ युवकों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के साथ हल्का दरोगा को भी भेजा। वायरल वीडियो में तमंचा लेकर युवक महिलाओं के बीच पहुंचा। जहां पर एक महिला के हाथ में कारतूस पकड़ाकर उसका नंबर बताते दिख रहा है।
जिसे हाथ में लेते ही महिला कांपने लगती है। इसी दौरान पड़ोस में खड़ी एक महिला बेखौफ होकर युवक से बोलती दिखी कि ऐसे असलहे बहुत देखे। मगर, पुलिस इस मामले को दबाने में लगी रही। सीओ सिटी आतिश कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)