बाराबंकी। प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया है। देश में ही नहीं, पूरी दुनिया में यूपी के कानून व्यवस्था की सराहना हो रही है। प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार और नौकरी देने का भी कार्य किया है। यूपी के महाकुंभ का भव्य आयोजन दुनिया के लिए नजीर बना है।
ये बातें उन्होंने जीआईसी ऑडिटोरियम में सरकार के आठ साल को लेकर सेवा, सुरक्षा और सुशासन कार्यक्रम के समापन पर कहीं। इससे पूर्व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और जनप्रतिनिधियों के साथ विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार 15 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन दे रही है। होली पर 1.86 करोड़ उज्ज्वला कनेक्शनधारकों को मुफ्त सिलिंडर दिए गए। ट्यूबवेल से सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दी जा रही है। अनुसूचित जाति, जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने कहा कि नारी प्राचीन काल से ही मार्गदर्शक रही है। हमें भारतीय संस्कृति को अपनाना होगा।
इस दौरान कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, एमएलसी अंगद कुमार सिंह, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मौर्य, डीएम शशांक त्रिपाठी, एसपी दिनेश कुमार सिंह, सीडीओ अन्ना सुदन व एडीएम अरुण कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
महाकुंभ पर डाक्यूमेंट्री का प्रदर्शन
केंद्र सरकार के 10 वर्ष और राज्य सरकार की आठ वर्षों की उपलब्धियों एवं महाकुंभ तथा गंगा यात्रा पर डाक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को टूलकिट/ डमी चेक एवं विभिन्न योजनाओं के प्रमाणपत्र दिए गए। वहीं महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार के लाभार्थियों सहित शिक्षकों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।
टीबी मुक्त पंचायतों के प्रधानों का सम्मान
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत वर्ष 2024 में 1155 ग्राम पंचायतों में से 160 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त की गई हैं। इनमें 141 ग्राम पंचायतों को कांस्य कलर एवं 19 ग्राम पंचायतों को सिल्वर कलर की महात्मा गांधी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। पांच क्षय रोगियों को पोषण पोटली दी गई। इससे पहले 80 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित की जा चुकी हैं।