महमूदाबाद-लखनऊ मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार अधेड़ को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रक समेत भाग निकला है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना कुर्सी क्षेत्र के बबुरिहा गांव के रहने वाले रमऊ (55) पुत्र बदल शुक्रवार की रात बाइक से घर आ रहे थे। तभी महमूदाबाद-लखनऊ मार्ग पर एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से भाग निकला।
गंभीर से घायल रमऊ को आस पास के लोगों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां पर उनकी मौत हो गई। मामले की जानकारी पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय रमऊ हेलमेट पहनकर बाइक चला रहे थे लेकिन फिर भी उनकी जान नहीं बच सकी है।
बोलेरो की टक्कर से पेट्रोलिंग जीप क्षतिग्रस्त, एक सिपाही घायलः नेशनल हाइवे पर पेट्रोलिंग कर रही पुलिस की जीप को एक बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना में एक सिपाही को मामूली चोट आई हैै। जिसका उपचार स्थानीय चिकित्सक के यहां कराया गया। शुक्रवार की बीती रात गश्त से लौट रही बाराबंकी की पेट्रोलिंग कार को नेशनल हाईवे के टूड़ी का पुरवा गांव के पास एक बोलेरो ने टक्कर मार दी।
पुलिस कर्मी जब तक गाड़ी से उतरकर चालक के पास पहुंचता इससे पहले ही चालक वाहन छोड़ भागने में कामयाब रहा। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने बोलेरो को अपने कब्जे में लेकर अहमदपुर चौकी में खड़ा करा दिया है। इस घटना में एक पुलिस कर्मी सेवाराम को मामूली चोट आई है। जीप में सवार अन्य सिपाही बाल-बाल बच गए।