बाराबंकी। शहर के लखपेड़ाबाग की रहने वाली एक युवती व दो किशोरियों का मंगलवार को अपहरण कर लिया गया। मामले की जानकारी पर सक्रिय हुई पुलिस ने जांच शुरू की व घटना के 24 घंटे के अंतराल में ही युवती व किशोरियों को तलाश लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के लखपेड़ाबाग मोहल्ले की रहने वाली सोलह-सोलह साल की दो किशोरियां व एक युवती का तीन युवकों ने मंगलवार को दिन में अपहरण कर लिया। इस बारे में जब पीड़िताओं के परिवारीजनों को पता लगा तो उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस टीम की मदद से आरोपियों के बारे में पता लगाना शुरू कर दिया।
कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि घटना के 24 घंटे के अंतराल में ही पुलिस टीम ने बुधवार को असैनी मोड़ पुल के नीचे से दोनों किशोरियों व एक युवती को तलाश लिया जबकि आरोपी मौके से फरार हैं। कोतवाल ने बताया कि आरोपी सलमान व जहीर निवासी मसौली कस्बा व सूर्यांश निवासी फतेहपुर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।