फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध खनन में संलिप्तता मिलने पर हटाए गए एसओ सतरिख

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। खनन माफिया व पुलिस के बीच मिलीभगत का एक बार फिर से मामला उजागर हुआ है। इस दौरान हुई जांच में क्षेत्र में अवैध खनन होता मिलने पर एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने सतरिख थाना प्रभारी निरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी की इस कार्रवाई से जहां खनन माफिया परेशान हैं, वहीं ऐसे थाना प्रभारी भी रडार पर आ गए हैं जो खुलेआम खनन करवाने का काम करते हैं।
विज्ञापन

प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटा होने के चलते बाराबंकी जिले में मिट्टी के खनन का काम काफी तेजी से होता है। यहां की मिट्टी सोने के भाव बेची जा रही है। यही कारण है कि खनन माफिया पुलिस से सेटिंग कर उनको खर्चा देते हैं और रात में मनमाने तरीके से अवैध खनन कर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों से मिट्टी ढोकर उसे लखनऊ पहुंचाने का काम करते हैं। दो दिन पहले सतरिख थाना क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन होता मिला था।
एसपी डॉ अरविंद चतुर्वेदी ने अपनी एक टीम लगाकर जब जांच कराई तो यहां मौके से खनन में लगे छह डंपर और दो जेसीबी पकड़ी गई थी। इसके बाद से ही सतरिख थाना प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह कप्तान के निशाने पर आ गए थे। और इसी के चलते कप्तान ने मंगलवार की रात सतरिख प्रभारी को लाइन में आमद कराने का आदेश जारी कर दिया। एसपी के इस रुख व कार्रवाई का खनन माफिया से साठगांठ रखने वाले थाना प्रभारियों पर क्या असर पड़ेगा यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
विज्ञापन

कप्तान ने भले ही एक थाना प्रभारी पर खनन को लेकर कार्रवाई की हो लेकिन इसके अलावा जैदपुर, कोठी, असंद्रा, सफदरगंज, देवा, शहर कोतवाली, कुर्सी, लोनीकटरा, फतेहपुर, मोहम्मदपुर खाला आदि ऐसे थाना क्षेत्र हैं जहां मिट्टी के अवैध खनन का काम तेजी से चल रहा है। सूत्र बताते हैं कि देवा कोतवाली के माती पुलिस चौकी में तैनात एक सिपाही जहां सीधे खनन की वसूली करता है वहीं जमीन संबंधी विवादित मामले भी निपटाने में काफी चर्चित है।
चौकी व थाना प्रभारी की शह पर यह सिपाही लंबे समय से यहां तैनात रहकर अपना काम कर रहा है। इसके अलावा शहर के मोहम्मदपुर पुलिस चौकी पर तैैनात कई सिपाही शाम होते ही खनन की मिट्टी व पशुओं को लादकर निकलने वाले वाहनों से खुलेआम वसूली करते हैं लेकिन इसके बावजूद अफसर इस पर नजर नहीं डालते है। इसी तरह अन्य तमाम थानों के सिपाही व दरोगा अपना खेल चलाए हुए हैं।
जिले में पुलिस महकमे में कप्तान स्तर से लगातार फेरबदल किया जा रहा है लेकिन इसके बाद भी कई चौकी व थाना प्रभारी ऐसे हैं जो लंबे समय से एक ही जगह पर तैनाती पाकर मलाई काट रहे हैं लेकिन इसके बावजूद इनको न हटाना लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। मोहम्मदपुर खाला थानाध्यक्ष का चार माह पहले गैर जनपद तबादला हुआ था।
इसके साथ कई अन्य एसओ व दरोगा भी दूसरे जिले में भेजे गए थे। कुछ दरोगा तो जिले से चले गए और दूसरे जनपदों में आज थानों के चार्ज पर हैं लेकिन मोहम्मदपुर खाला एसओ न तो यहां से रिलीव हुए और न ही इनका तबादला ही किया गया। इनकी कुर्सी आज तक कायम है।
एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि सतरिख थाना क्षेत्र में अवैध खनन होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। जांच में भी अवैध खनन के मामले उजागर हुए हैं। इसे लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक को लाइन हाजिर किया गया है। जो भी एसओ या पुलिस कर्मी गलत काम करने वालों को संरक्षण देगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें