बाराबंकी। जिले में नकली और प्रतिबंधित दवाओं की रोकथाम के लिए प्रशासन ने सख्ती कर दी है। डीएम के निर्देश पर इसी क्रम में बृहस्पतिवार को औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने शहर के दवा मंडी और कुर्सी रोड स्थित शगुन फार्मा व जायसवाल मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
जिले की औषधि निरीक्षक रजिया बानो और अयोध्या के औषधि निरीक्षक आलोक कुमार त्रिवेदी ने दो थोक दवा व्यापारियों की गिरफ्तारी व ड्रग इंस्पेक्टरों पर कार्रवाई के बाद कार्रवाई शुरू की है। इस दौरान टीम ने नारकोटिक्स और प्रतिबंधित औषधियों की गहन जांच की। हालांकि, मौके पर कोई प्रतिबंधित दवा नहीं पाई गई। प्रतिष्ठान में कॉम्पिटेंट पर्सन (अधिकृत फार्मासिस्ट) भी नहीं मिला।
इस वजह से औषधि प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत दोनों मेडिकल स्टोर से शेड्यूल्ड दवाओं का क्रय-विक्रय तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया और दुकानों को सील कर दिया गया।
टीम ने मौके से चार दवाओं के नमूने रैंडम आधार पर संग्रहीत कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला औषधि निरीक्षक रजिया बानो ने बताया कि नकली, प्रतिबंधित और नशे में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की रोकथाम के लिए अभियान अभी जारी रहेगा।