सिरौलीगौसपुर संयुक्त चिकित्सालय के बाहर सड़क पर खड़ी गाड़ियों से जाम में फंसी एम्बुलेंस।
सिरौली गौसपुर। संयुक्त चिकित्सालय (100 बेड) परिसर में वाहनों की पार्किंग की सुविधा नहीं है। ऐसी स्थिति में तीमारदार व मरीज वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। इससे जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इस मार्ग पर राजकीय इंटर कॉलेज, कंपोजिट विद्यालय, बेनी प्रसाद वर्मा इंटर कॉलेज सिरौली गौसपुर के सैकड़ों छात्र-छात्राओं का आना-जाना रहता है। विद्यालय की छुट्टी के बाद छात्र-छात्राओं के सड़क पर निकलने से जाम लग जाता है। ऐसे में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को लेकर पहुंचने वालीं एम्बुलेंस काफी देर तक जाम में फंसी रहती हैं। जाम की वजह से छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों को भी दिक्कतों का सामना करना पडता है। इस संबंध में कार्यवाहक सीएमएस डॉ. एके सिन्हा ने बताया कि पार्किंग के संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। जल्द ही कोई हल निकाला जाएगा।