बाराबंकी। पोस्ट मार्टम हाउस में मौजूद सफेदाबाद के निकट हुई मार्ग दुर्घटना में मृत युवक के रोते बिलखते परिजवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में बुजुर्ग समेत दो लोगों की मौत हो गई। मोहम्मदपुर चौकी के पास महानगर की बस ने युवक को रौंद दिया तो वहीं झंझरा गांव के पास पेशी से लौट रहे बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बाइक सवार को रौंदकर भाग रही महानगर डिपो की बस कोठी थाने में पकड़ ली गई।
कूड़ामऊ थाना गोसाईगंज जिला लखनऊ निवासी दिनेश रावत (20) पुत्र स्व.महादेव अपने साथी मुरली (22) पुत्र रामआसरे के साथ शहर की ओर आ रहा था। सफेदाबाद चौराहे के पास पीछे से आ रही महानगर डिपो की बस ने बाइक सवार को रौंद दिया।
घटना के बाद बस चलाक मय वाहन के भाग गया। हादसे में दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया है। परिवारीजनों का कहना है कि मृतक के पिता की मौत एक साल पहले हो चुकी है और उसकी मां ने बाराबंकी में दूसरी शादी कर ली थी।
युवक अपनी मां से मिलने आ रहा था हादसे का शिकार हो गया। हादसे के समय बाइक सवार ने हेलमेट पहन रखा था। दूसरा हादसा जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के झंझरा पुल के पास हुआ। अछरीपुरवा निवासी सियाराम वर्मा (60) बृहस्पतिवार को बाइस से पेशी के बाद घर लौट रहे थे। सामने से आ रहा एक वाहन ठोकर मार भाग गया। स्थानीय लोगों द्वारा घायल को जिला अस्पताल लाया जा रहा था कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
वैन में फंस 50 मीटर घिसटी मासूम, गंभीर : जैदपुर क्षेत्र के ग्राम टाड़पुरवा निवासी कल्लू रावत की नातिन शांती रावत (6) गांव में ही संचालित हो रही आंगनबाड़ी केंद्र से छुट्टी होने के बाद पैदल घर लौट रही थी। तभी पीछे से आ रही एक स्कूली वैन ने उसे ठोकर मार दिया। छात्रा स्कूली वैन के निचले हिस्से में फंसकर करीब पचास मीटर घिसटते चली गई।
वहां मौजूद लोगों ने वैन को रोक उसके नीचे फंसी छात्रा को बाहर निकालने के बाद उसे सीएचसी जैदपुर पहुंचाया। जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना होने की सूचना मिली है।