बाराबंकी। सफदरगंज व शहर कोतवाली क्षेत्र में ट्रेन हादसे में एक युवक व युवती की मौत हुई है। मृतक युवक की पहचान सफदरगंज क्षेत्र के ही स्टेशन पुरवा निवासी सुरेश गौतम के पुत्र रामजी (30) के रूप में हुई। जबकि युवती की शिनाख्त का प्रयास पुलिस कर रही है।
शहर में देवा रोड पर बाराबंकी-अयोध्या रेलखंड पर ओवरब्रिज के पास मंगलवार देर शाम करीब 22 साल की युवती ट्रेन से कट गई। उसका सिर व धड़ अलग हो गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाने के बाद उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है। उधर, सफदरगंज थाना क्षेत्र के मुश्कीनगर गांव के पास रेलवे लाइन पर बुधवार को एक युवक का शव देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन की चपेट में आने के कारण उसकी मौत हुई होगी। मृतक की पहचान सफदरगंज क्षेत्र के ही स्टेशन पुरवा निवासी सुरेश गौतम के पुत्र रामजी (30) के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक नशे का आदी था। वह मंगलवार की शाम घर पर बिना कुछ बताए निकला था।