बाराबंकी। कोरोना संक्रमण की रफ्तार में बहुत तेजी के साथ गिरावट आ रही है। रविवार को संक्रमण की चपेट में आकर जहां दो लोगों की मौत हो गई वहीं महज छह लोग संक्रमित पाए गए हैं। काफी दिनों बाद संक्रमितों की संख्या इतनी कम आई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद इन सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से रामसनेहीघाट क्षेत्र के खजुरी निवासी एक व्यक्ति की रविवार को जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिवारीजनों के अनुसार जांच रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि होने और हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था जहां रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
इसी प्रकार लखनऊ निवासी एक व्यक्ति की हिंद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवारीजनों ने बताया कि हालत बिगड़ने पर चार दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह से जिले में अब तक कोरोना से करीब 224 लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में छह और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद इन सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
सीएमओ डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि जिले में कोरोना से दो और लोगों की मौत की जानकारी नहीं है, पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। वहीं देरशाम जो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं उन सभी को होम आइसोलेशन में रखते हुए चिकित्सकों की टीम को इन पर बराबर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। लोगों से अपील की जाती है कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है, इसलिए लापरवाही न करें और कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करें।