फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: दो फर्जी फर्मों ने किया 98 करोड़ का कारोबार, मुकदमा दर्ज

Sun, 20 Jul 2025 01:30 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। शहर में फर्जी नाम-पते और नकली दस्तावेजों के आधार पर दो फर्मों ने करीब 98 करोड़ रुपये का कारोबार दिखाकर करोड़ों की टैक्स चोरी की। फर्जी बिलों के जरिये दिल्ली, हरियाणा और मणिपुर तक के व्यापारियों को फायदा पहुंचाया गया। जीएसटी की एसआईबी टीम ने छानबीन की तो दोनों फर्में फर्जी निकलीं। जीएसटी की उपायुक्त अल्पना वर्मा की तहरीर पर दोनों फर्मों के मालिकों के खिलाफ शहर कोतवाली में शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
विज्ञापन


पहला मामला निषाद ट्रेडर्स नाम की फर्म से जुड़ा है जो दस्तावेजों में बंकी रोड नवाबगंज के पते पर दर्ज है। एसआईबी टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां ऐसी कोई दुकान या कारोबार नहीं मिला, न ही आसपास के लोगों को इस नाम की किसी फर्म की जानकारी थी।

जीएसटी पोर्टल पर फर्म के मालिक मुकेश कुमार का पता हमीरपुर दर्ज है। टीम ने पाया कि यह फर्म 12 जनवरी 2024 से अब तक 65 करोड़ 31 लाख रुपये से ज्यादा की बिक्री दिखा चुकी है लेकिन मौके पर कोई माल गोदाम, स्टाफ या सप्लाई का रिकॉर्ड मौजूद नहीं था।
विज्ञापन


बिजली बिल, पता और मोबाइल नंबर फर्जी निकले। न ही किसी इनवॉइस का ई-वे बिल डाउनलोड किया गया और न ही किसी इनवर्ड सप्लाई का सबूत मिला। फर्म ने इस झूठी बिक्री के आधार पर करीब 11.75 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट पास ऑन कर दी।

दूसरा मामला द रेड स्क्वायर इंटरप्राइजेज आवास विकास कॉलोनी से जुड़ा है। दस्तावेजों में यह फर्म सेक्टर-110 में दिखी लेकिन मौके पर इस पते पर कोई फर्म नहीं पाई गई। फर्म के पंजीकरण के समय जो बिजली बिल लगाया गया था, वह भी जालसाजी से तैयार किया गया था।

क्यूआर कोड स्कैन करने पर उपभोक्ता का नाम राम कुशल वर्मा निकला जबकि अपलोड बिल में नाम अमित शाखा हरिकाले लिखा है। इस फर्म ने हरियाणा की रघुवंशी इंटरप्राइजेज और मणिपुर की लकी इंटरप्राइजेज को इनवॉइस जारी किए।

जीएसटी रिकॉर्ड के मुताबिक इस फर्म ने 2024-25 में 18.62 करोड़ रुपये की फर्जी आउटवर्ड सप्लाई दिखाई और इसके आधार पर 3.56 करोड़ रुपये की आईटीसी पास ऑन की गई। दोनों फर्मों के खिलाफ उपायुक्त अल्पना वर्मा राज्य कर अयोध्या संभाग ने शहर कोतवाली में शिकायत दी थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाल आरके राणा के मुताबिक दोनों मामलों में ठोस दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूत जुटाए जा रहे हैं। जल्दी ही संबंधित व्यक्तियों को तलब कर पूछताछ की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें