हरख/ कुर्सी/ कोटवाधाम (बाराबंकी)। जिले के तीन थाना क्षेत्रों में शनिवार को हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला समेत चार लोग घायल हो गये। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहला हादसा सतरिख थाना क्षेत्र में तीरगांव-सतरिख मार्ग पर धेराईपुरवा गांव के पास हुआ। दोपहर में एक टेम्पो सतरिख से सवारी लेकर तीरगांव जा रहा है। इस दौरान एक्सेल टूटने से वह असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में टेम्पो चालक सतरिख कस्बे के मलकाना मोहल्ला निवासी सलमान (28) की मौके पर मौत हो गई।
वहीं टेम्पो में सवार लखनऊ जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र निवासी कलावती (25), राजू (18) व यस (8) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची सतरिख पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं खबर मिलते ही चालक के परिवारीजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। हालांकि प्रभारी निरीक्षक ने हादसे की जानकारी से इंकार किया।
उधर, कुर्सी थाना क्षेत्र में लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर अनवारी गांव के पास ट्रक ने एक साइकिल सवार श्रमिक को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दौड़े ग्रामीणों ने ट्रक का रोका। मगर, भीड़ का फायदा उठाकर चालक वाहन छोड़ भाग गया।
हादसे में मृत श्रमिक लखनऊ के गुडम्बा थाना क्षेत्र के ककडेहरी गांव निवासी रामखेलावन यादव (18) है। वह थाना क्षेत्र के उमरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक स्टील फैक्टरी में मजदूरी करता है। हमेशा की तरह शनिवार की सुबह भी वह घर से साइकिल लेकर फैक्टरी के लिए निकला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के सरांय दुनौली गांव निवासी प्रमोद (27) शनिवार को बाइक से जेबीएस कॉलेज में पढ़ाई करने वाली भाभी को बुलाने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में रामनगर मार्ग पर अगानपुर के पास ट्रक ने बाइक सवार प्रमोद को रौंद दिया। घायल युवक को आननफानन सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
वाहन की टक्कर से किसान की जान गई
टिकैतनगर। खेत में लगी फसल की सिंचाई करने बाइक से जा रहे किसान की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। घटना टिकैतनगर थाना क्षेत्र की है। शनिवार की दोपहर थाना क्षेत्र के धधवरा मोहल्ला निवासी राम कैलाश सोनी खेत की सिंचाई के लिए बाइक से डीजल लेकर खेत जा रहे थे।
टिकैतनगर-दरियाबाद मार्ग पर बनगांवा गांव के पास खेत की ओर मुडे़ इसी दौरान पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी। सड़क किनारे गिरने से किसान घायल पड़ा था। इसकी सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। इस पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के सहारे उसे सीएचसी टिकैतनगर भेजा। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संवाद
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
बाराबंकी। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक का क्षतविक्षत शव पड़ा मिला। इसकी सूचना पर पुलिस व परिवारीजन मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त नगर कोतवाली क्षेत्र के ढकौली निवासी वसी अहमद (35) के रूप में हुई।
इसके बाद जहांगीराबाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवारीजनों ने बताया कि युवक गंभीर बीमारी से काफी आहत था। पत्नी व तीन बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर हमेशा परेशान रहता है। इसी बात को लेकर उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। संवाद