कोटवाधाम (बाराबंकी)। बदोसरायं कोतवाली क्षेत्र के अद्रा झील के पास शनिवार सुबह झाड़ियों में दंपती के शव संदिग्ध हालात में पड़े मिले। दोनों के सिर पर गंभीर चोट थी तो कुछ दूरी पर बाइक व सामान बिखरा पड़ा था। झाड़ियों से दुर्गंध उठने से ग्रामीणों ने देखा तो डबल मर्डर का अंदेशा होने से हड़कंप मच गया।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मौके से मिली बाइक से युवा दंपती की शिनाख्त की। उसके बाद परिवारीजन पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस इस घटना को हादसा बता रही है। मगर, उसकी यह थ्योरी किसी के गले से नीचे नहीं उतर रही।
रामनगर थाना क्षेत्र के बड़नपुर निवासी सुभाष लोधी (30) अपनी पत्नी सीमा (26) के साथ हरियाणा के पानीपत में रहकर एक निजी कंपनी में मजदूरी करता था। दरियाबाद थाना क्षेत्र के मीननगर में रहने वाले दोस्त के विवाह में शामिल होने के लिए वह एक मई को बड़नपुर अपने घर आया था। वहां से भाई राम उदित की बाइक लेकर वह रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के बाजारपुरवा गांव स्थित ससुराल चला गया।
यहीं से दोस्त के विवाह में शामिल हुआ। फिर टिकैतनगर थाना क्षेत्र के सरांय दुनौली में पत्नी की मौसी के घर चला गया। वहां से दोनों पांच मई की शाम बाइक से घर के लिए निकले थे। उसके बाद से दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ थे। शनिवार सुबह बदोसरायं कोतवाली क्षेत्र में अद्रा झील के पास झाड़ियों से दुर्गंध आने पर खेत जा रहे ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो सड़क मोड़ से कुछ दूरी पर दोनों के शव पड़े थे।
उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे तो वहीं कुछ दूरी पर बाइक व सामान व दोनों के मोबाइल आदि बिखरे पड़े थे। इसकी सूचना पर सीओ रामनगर दिनेश दूबे व एसओ अमित मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाइक के नंबर को नाम-पता खोजकर फोन किया तो राम उदित ने बताया कि बाइक लेकर उसका भाई सुभाष गया था। उसके एक्सीडेंट होने की सूचना तो मिली मगर, पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दोस्त अशोक को सुभाष ने दी थी हादसे की सूचना
दंपती का शव मिलने के बाद दोस्त अशोक मौके पर पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार की रात 11 बजे सुभाष ने कोटवाधाम-कोटवासड़क मार्ग पर हादसा होने की सूचना दी थी। मगर, उसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था। इसकी सूचना अशोक ने रविवार की सुबह सुभाष के भाई संदीप को दी थी।
तीन वर्ष पहले सुभाष ने सीमा से किया था प्रेम विवाह
सुभाष का पहला विवाह थाना क्षेत्र के रजनापुर गांव से सात वर्ष पहले हुआ था। मगर, पति-पत्नी में तालमेल न होने से दोनों अलग हो गए थे। इसके बाद तीन वर्ष पहले सुभाष ने रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के बाजारपुरवा गांव निवासी सीमा से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद दोनों हरियाणा के पानीपत में रहते थे। हालांकि इससे पहले भी वह कई बार घर आए थे।
सात मई को पानीपत वापस जाने का था टिकट
दोस्त के विवाह में शामिल होने आए दंपती को सात मई को पानीपत वापस जाना था। इसको लेकर उसने वापसी के लिए पहले से रेल टिकट करा रखा था। सूचना पर पहुंची सीमा की मां यही कहते हुए रोए जा रही थी कि उसकी बेटी को आज ही पानीपत जाना था।
दो दिन पहले ससुराल से लौट रहे दंपती की सड़क हादसे में मौत हुई है। जहां पर शव मिले, वहां पर सड़क मोड़ है। बाइक असंतुलित होकर झाड़ियों में गिरी। हेलमेट न होने से दोनों के सिर में गंभीर चोट आने से मौत हो गई। मोबाइल, आभूषण व सामान सब मौके पर पड़ा मिला है। शनिवार को शव से दुर्गंध उठने पर जानकारी मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
-पूर्णेंदु सिंह, प्रभारी एसपी