रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। रेलवे इंजीनियरों से रंगदारी मामले में रामसनेहीघाट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि दर्ज केस में माफिया व अयोध्या के गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह व सुरेंद्र कालिया का नाम सामने आया है। रेलवे के प्लेटफॉर्म व रेलवे ट्रैक का निर्माण करा रहे इंजीनियरों ने रंगदारी को लेकर तीन दिन में रामसनेहीघाट कोतवाली में दो तो दरियाबाद थाने में एक केस दर्ज कराया है।
रामसनेहीघाट कोतवाली में शनिवार को पश्चिम बंगाल निवासी रेलवे इंजीनियर विमानदास ने दी तहरीर में बताया कि वह सैदखानपुर रेलवे स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्म और स्टेशन के भवन का निर्माण कार्य करवा रहा है। साथ में प्रोजेक्ट मैनेजर भार्गवराम, इंजीनियर अनिमेष दास व शांतनू दास काम करते हैं।
उनका गाजीपुर के पास प्लांट लगा है। जहां पर 28 मार्च की शाम को बाइक से तीन लोग पहुंचे। उन्होंने आते ही कहा कि मुझे विधायक गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने भेजा है। जो कोई रेलवे का काम कराता है। वह पहले विधायक को दो परसेंट कमीशन देता है। इसके बारे में पहले भी फोन पर बताया था कि विधायक जी को कमीशन पहुंचा दो।
ऐसा न करने पर अयोध्या निवासी विक्रम उर्फ बब्लू खान तथा सोनू ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी जेब रखे सात हजार रुपये छीन लिये। रेलवे इंजीनियर ने बताया कि उनके व साथियों के मोबाइल पर लगातार व्हाटसएप कर सुरेंद्र कालिया भी धमकी दे रहा है। आरोपियों ने विधायक का नंबर देकर बात करने को भी धमकाया। इस पर पुलिस ने अयोध्या के गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह, सुरेंद्र कालिया, विक्रम शाहू व सोनू पर रंगदारी, लूट, छिनैती व मारपीट के साथ धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया।
वहीं दूसरा मुकदमा रेलवे का काम करा रहे प्रोजेक्ट मैनेजर भार्गव राम ने रामसनेहीघाट में दर्ज कराया। उसने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एक अप्रैल को अपने प्लांट पर मौजूद था। इसी दौरान विक्रम सिंह, सुरेंद्र व सोनू सिंह तथा उसके अन्य साथी वहां पहुंचे। पहुंचते ही कहा कि छह माह से काम चल रहा है। तुम लोग अभी तक विधायक अभय सिंह से नहीं मिले।
तुम्हें पता नहीं कि रेलवे का काम कराने वाले विधायक को उसका हिस्सा पहुंचता है। इन लोगों की धमकी को लेकर हम लोग काम नहीं करा पा रहे हैं। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर विक्रम सिंह व सुरेंद्र कुमार उर्फ कालिया निवासी हरदोई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सुरेंद्र पर विभिन्न जिलों में 18 केस दर्ज हैं। उधर, दरियाबाद पुलिस भी रंगदारी मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच कर रही है।
रेलवे के ठेकेदारों की शिकायत पर रंगदारी के दो केस रामसनेहीघाट कोतवाली में दर्ज किए गए है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया गया है। केस में विधायक अभय सिंह का नाम सामने आया है, जांच जारी है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-अनुराग वत्स, एसपी