सतरिख। क्षेत्र के वादीनगर सहेलिया गांव में बृहस्पतिवार की रात शादी समारोह में जयमाल की रस्म के दौरान हर्ष फायरिंग हुई। इस दौरान वहां मौजूद जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के पलिया मसूदपुर गांव निवासी सुनील यादव (55) के सीने के पास गोली लग गई। गंभीर हालत में उनको लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल के भाई की तहरीर पर अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वादीनगर सहेलिया गांव में बृहस्पतिवार शाम अवधराम यादव की बेटी की शादी व बेटे का बेटे तिलकोत्सव था। बरात क्षेत्र के ही प्यारेपुर गांव से आई थी, जबकि तिलक वाले कैथी गांव से पहुंचे थे। तिलक चढ़ने के बाद जयमाल की रस्म हो रही थी तभी अचानक हर्ष फायरिंग हुई। इसी दौरान वधू पक्ष से आए अवधराम के रिश्तेदार पलिया मसूदपुर गांव निवासी सुनील यादव को गोली लग गई। वह चीखते हुए लहूलुहान होकर जमीन पर गिरे और भगदड़ मच गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता, हर्ष फायरिंग करने वाला व्यक्ति भाग चुका था। आनन फानन में सुनील को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। सतरिख के एसएचओ धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घायल के भाई सुशील की तहरीर पर अज्ञात रिवाल्वर धारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शादी का वीडियो एकत्र कर पता लगाया जा रहा है। असलहा लाइसेंसी था या अवैध, इसकी भी जांच होगी।
............................
फायरिंग का चलन पुराना, होगी निगरानी
बाराबंकी जिले में हर्ष फायरिंग का चलन बहुत पुराना है। खासकर किसी विशेष रस्म के दौरान या पूरा होने पर हर्ष फायरिंग होती है। जैसे द्वार पूजा, जयमाल, नृत्य आदि। कई घटनाएं होने के बाद पुलिस ने सख्ती की तो घटनाएं थमने लगी। इस घटना के बाद पुलिस अफसरों ने सभी थानों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।