बाराबंकी। होली पर्व को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए तैयारी शुरू कर दी है। होली पर्व पर बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं, जिसे देखते हुए बसों की संख्या व फेरे बढ़ाए जाएंगे, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।
देवा रोड स्थित बस स्टेशन से 116 अनुबंधित व 10 बसे निगम की संचालित होती हैं। 28 फरवरी से नौ मार्च तक होली स्पेशल बस सेवा संचालित होने से लखनऊ से होकर गोरखपुर, अयोध्या व बहराइच रूट पर जाने वाली करीब 32 बसे जिले से होकर गुजरेंगी। इससे यहां के यात्रियों को भी यात्रा का लाभ मिलेगा। विशेष रूप से लोकल रूटों पर चलने वाली बसों के फेरे बढ़ाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों और नजदीकी शहरों के यात्रियों को तुरंत साधन मिल सके। एआरएम जमीला खातून ने बताया कि बसों को दुरुस्त कराने के साथ ही धुलाई सफाई के निर्देश दिए गए हैं। होली पर्व पर अतिरिक्त फेरे लगवाए जाएंगे।
चालक-परिचालक को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
होली पर्व को देखते हुए सभी चालक व परिचालकों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। साथ ही इस दौरान कार्य करने वालों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने का निर्णय लिया गया है। होली पर्व के दौरान 28 फरवरी से 10 दिनों तक कार्य करने वाले चालक व परिचालक को 4500 रुपये व नौ दिनों तक कार्य करने पर 3600 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। हालांकि इन्हें प्रतिदिन 300 किलोमीटर बस चलानी होगी। इससे अधिक दूरी तय करने पर प्रति किमी 55 पैसे के हिसाब से अलग से राशि दी मिलेगी।
वर्जन-
होली पर्व पर बस व बसों के फेरों की संख्या बढ़ाई गई है। इसका सीधा फायदा यात्रियों को मिलेगा। बसों की उपलब्धता, निगरानी और स्टाफ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसको लेकर संचालन व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग होगी। चालकों परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू की गई है।
- अमरनाथ सहाय, क्षेत्रीय प्रबंधक