मसौली (बाराबंकी)। थाना मसौली क्षेत्र में मायके में मौजूद पत्नी को पति ने मोबाइल पर मैसेज कर तीन तलाक दे दिया। विवाहिता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न करने व पुत्री के जन्म देने के कारण ससुराली उसे प्रताड़ित कर रहे थे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मसाैली के बांसा गांव निवासी तब्बस्सुम के अनुसार उसका निकाह 21 मार्च 2021 को थाना व कस्बा सफदरगंज निवासी मो. कलीम से हुआ था। लेकिन दहेज की मांग को लेकर पति, सास, ससुर व देवर प्रताड़ित करते रहते थे। एक वर्ष पूर्व पुत्री अजीहा के जन्म लेने पर ससुरालीजनों ने पीड़िता को पुत्र न देने पर काफी परेशान किया। पीड़िता का कहना है कि उसके परिवार ने किसी तरह व्यवस्था कर डेढ़ लाख रुपये भी ससुराल पक्ष को दिए। इसके बाद भी कुछ दिन पहले उसे अपमानित कर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद भी पति मोबाइल पर मैजेस कर प्रताड़ित करता रहता था।
विवाहिता ने मैसेज देखना ही बंद कर दिया मगर 23 जुलाई को पति ने सूचना भेजी कि मैसेज देख लें। देखने पर 18 जुलाई के मैसेज में तीन बार तलाक देने का मैसेज मिला। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।