बाराबंकी। गर्मी के मौसम में बढ़ती भीड़ के बीच यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे ने उधना-जयनगर ग्रीष्मकालीन अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन बाराबंकी में दोनों ओर से ठहराव लेगी। जिले से बड़ी संख्या में लोग रोजगार और पारिवारिक कारणों से गुजरात और बिहार की यात्रा करते हैं। ऐसे में यह स्पेशल ट्रेन उनके लिए सस्ती और सुलभ यात्रा का बड़ा विकल्प बनकर सामने आई है।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 09091 उधना-जयनगर स्पेशल 19 अप्रैल को उधना से चलकर तीसरे दिन रात 2:12 बजे बाराबंकी स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद गोंडा होते हुए आगे जयनगर के लिए रवाना होगी।
वापसी में 09092 जयनगर-उधना स्पेशल 22 अप्रैल को जयनगर से चलकर दूसरे दिन सुबह 9:35 बजे बाराबंकी स्टेशन पहुंचेगी और आगे ऐशबाग होते हुए उधना के लिए प्रस्थान करेगी। स्टेशन अधीक्षक अरुण रायजादा के अनुसार रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 18 सामान्य द्वितीय श्रेणी और दो एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। सभी कोच अनारक्षित (जनरल) होंगे, जिससे बिना आरक्षण यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।