दरियाबाद (बाराबंकी)। नगर पंचायत में कोतवाली के सामने रखे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर का फ्यूज शनिवार देर रात जल गया। इसके चलते रातभर पूरे रेलवे स्टेशन मोहल्ले की बिजली गुल रही। वहीं ट्रांसफार्मर में खराबी के कारण कोतवाली और सीएचसी में भी आपूर्ति बाधित रही।
इस दौरान क्षेत्र की लगभग 4000 आबादी प्रभावित हुई। रातभर लोग उमस से परेशान रहे। फोन चार्ज करने से लेकर मोटर से पानी भरने तक की समस्या का लोगों को सामना करना पड़ा। वहीं देर रात स्टेशन बाजार के भीड़भाड़ वाले इलाके में केबल भी कटकर गिर गया। हालांकि लोगों की सावधानी के चलते कोई हादसा नहीं हुआ। ट्रांसफार्मर सही करने के लिए रविवार सुबह 10 बजे बिजली कर्मी पहुंचे। घंटों मशक्कत के बाद दोपहर में खराबी को ठीक कर आपूर्ति शुरू की जा सकी।