महादेवा-सूरतगंज मार्ग पर हादसे के बाद जमा भीड़।
सिद्धौर। कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ-गंगागंज मार्ग पर शुक्रवार शाम रफ्तार का खौफनाक चेहरा सामने आया। सैदहा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने साइकिल सवार को रौंद दिया। हादसे में करीब किसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरातफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। कोठी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। काफी देर तक मृतक की पहचान नहीं हुई। हादसे की चर्चा पूरे क्षेत्र में फैल गई तो देर शाम मृतक की शिनाख्त कोठी थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी किसान भोला रावत (40) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूचना पाकर परिजनों ने जैसे ही शव देखा, बिलख पड़े। एसएचओ अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि ट्रेलर और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
..................
हादसे में घायल युवक ने घर पर दम तोड़ा
देवा कोतवाली के अक्षरी का पुरवा गांव के सलीम (42) दस दिन पहले वाहन की टक्कर से हादसे में घायल हो गए थे। परिजनों ने इनका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में कराया और हालत कुछ सुधरने पर घर ले आए। बृहस्पतिवार को सलीम ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पाेस्टमार्टम कराया है।
....................
नहर में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, चालक डूबने से बचा
देवा कोतवाली क्षेत्र में नारायणी गांव के पास धान लादकर नहर पटरी पर जा रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से बचने के चक्कर में अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को नहर से निकालकर जान बचाई। .................
हादसों में छह घायल, बाइक क्षतिग्रस्त
फतेहपुर इलाके में बृहस्पतिवार शाम मदनपुर गांव के सुनील कुमार (29) महमूदाबाद रोड पर दूसरी बाइक की टक्कर से घायल हो गए। सीएचसी से उनको जिला अस्पताल भेजा गया। उधर, इसी क्षेत्र के प्यारेपुर गांव निवासी बारदीन (40) सिहाली के पास बाइक की टक्कर से घायल हो गए। वहीं, टिकैतनगर में तेज रफ्तार ऑटो बाइक एजेंसी के सामने खड़ी पांच नई बाइकों में टक्कर मार दी। हादसे में रामसनेहीघाट इलाके का ऑटो चालक घायल हो गया। बाइकों को लेकर एक लाख का नुकसान बताया गया है। वहीं, महादेवा-सूरतगंज मार्ग पर शाम को एक वाहन की चपेट में आकर सआदतगंज के युवक सलीम व उनके साथ बाइक पर सवार दो महिलाएं जख्मी हुईं।
.....................